Lucknow News: 4 युवकों ने दलित किशोरी से किया गैंगरेप, ग्रामीणों की मदद से 2 आरोपी गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक घटना सामने आई है। बख्शी का तालाब थाना क्षेत्र में 4 युवकों ने एक 16 वर्षीय दलित किशोरी को अगवा कर उसके साथ गैंगरेप किया। हालांकि, किशोरी की हिम्मत और ग्रामीणों की सतर्कता से दो आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं।
कैसे हुआ ये अपराध?
गुरुवार रात करीब 8:30 बजे, किशोरी अपने पुराने घर से नए घर जा रही थी। रास्ते में, दो युवकों ने उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया और सुनसान जंगल में ले गए। वहां उन्होंने अपने दो और साथियों को बुलाया। इसके बाद चारों ने मिलकर किशोरी के साथ गैंगरेप किया। जब किशोरी ने विरोध किया, तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की।

वारदात के बाद, आरोपी किशोरी को बाइक पर बैठाकर दूसरी जगह ले जाने लगे। लेकिन गांव के पास पहुंचते ही, किशोरी ने साहस दिखाते हुए बाइक का हैंडल खींच दिया, जिससे बाइक गिर गई। किशोरी का शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और उन्होंने एक आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने शुरू में दिखाई लापरवाही
पीड़िता के परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस शुरू में कार्रवाई करने में आनाकानी कर रही थी। इसके बाद लाखन आर्मी के चीफ सूरज पासी ने सोशल मीडिया पर इस मामले को उठाया और लखनऊ पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस और डीजीपी को टैग किया। इस पोस्ट के बाद ही पुलिस हरकत में आई।
पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की, जिसकी पहचान राज के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी शिवा सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। बाकी दो आरोपियों की तलाश जारी है। पीड़िता का परिवार बेहद गरीब है। किशोरी के पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए उसकी मां मजदूरी करके परिवार का गुजारा चलाती हैं। इस घटना के बाद से परिवार सदमे में है।
Also Read: लखनऊ के पॉश इलाके में बदहाली: इंदिरा नगर के पटेल नगर में…

