Lucknow News: 69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने घेरा अनुप्रिया पटेल का आवास, पुलिस ने लिया हिरासत में
Sandesh Wahak Digital Desk: 69000 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। बुधवार को उन्होंने केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के आवास का घेराव किया। ये अभ्यर्थी 6800 सीटों पर जल्द नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि पिछले चार सालों से वे सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।
लगातार मंत्रियों के आवास घेर रहे हैं अभ्यर्थी
अभ्यर्थियों ने बताया कि उन्होंने पहले सोमवार को शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और मंगलवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आवास का भी घेराव किया था, लेकिन कहीं भी उनकी बात नहीं सुनी गई।
एक अभ्यर्थी ने कहा कि अनुप्रिया पटेल हमारे समाज की नेता हैं और हम उनको वोट देते हैं, इसलिए हम उनके दरवाजे पर आए हैं। हमारा मामला पिछले एक साल से सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है, लेकिन 20 से ज्यादा सुनवाई की तारीखें बीत जाने के बाद भी सरकार की तरफ से कोई वकील कोर्ट नहीं पहुंचा। उन्होंने अधिकारियों पर भी धमकी देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अधिकारी कहते हैं कि ‘जो करना है कर लो, हम सुप्रीम कोर्ट में अर्जेंसी नहीं लगाएंगे।’
पुलिस ने लिया हिरासत में
केंद्रीय मंत्री के आवास पर करीब एक घंटे तक इंतजार करने के बाद भी जब कोई उनसे मिलने नहीं आया, तो अभ्यर्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। अभ्यर्थियों का कहना था कि जब भी वे अपना अधिकार मांगने आते हैं तो मंत्री से पहले पुलिस आ जाती है और उनकी आवाज को दबाने की कोशिश करती है। हिरासत में लिए गए सभी अभ्यर्थियों को इको गार्डन भेज दिया गया है।
Also Read: Ayodhya News: इग्नू ने प्रवेश की अंतिम तिथि 31 अगस्त तक बढ़ाई, छात्रों को मिली बड़ी राहत

