Lucknow News: केजीएमयू में आयुष्मान भारत योजना का 7वां साल, नई तकनीकी पहल पर विशेष कार्यक्रम आयोजित

Lucknow News: आयुष्मान भारत योजना के सात वर्ष पूरे होने पर केजीएमयू के अटल बिहारी वाजपेई कन्वेशन सेंटर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रतिभाग किया और योजना के नए पहलुओं का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में आयुष्मान संपर्क, आयुष्मान सारथी और आयुषी एआई चैटबोट का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा पीएमजे हैंडबुक, आशा ई-बुक और आयुष्मान कॉमिक बुक का अनावरण भी किया गया। इस अवसर पर योजना के लाभार्थियों के साथ-साथ उन निजी और सरकारी चिकित्सा इकाइयों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने इस योजना में उत्कृष्ट कार्य किया।

उपमुख्यमंत्री का संबोधन

ब्रजेश पाठक ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना है, जिसमें अब तक 9 करोड़ से अधिक लोग शामिल हो चुके हैं। इस योजना के तहत लाभार्थियों को उनकी पसंद की निजी और सरकारी दोनों ही स्वास्थ्य इकाइयों में निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

आवश्यकतानुसार तुरंत उपचार संभव होगा

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि अधिक से अधिक अस्पतालों को योजना से जोड़ा जा रहा है, ताकि आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं तक सरल और त्वरित पहुँच मिल सके। उन्होंने कहा कि जल्द ही तकनीक के माध्यम से सभी चिकित्सालयों में आगामी अपॉइंटमेंट सुविधा शुरू की जाएगी, जिससे मरीजों को लाइन में लगने की परेशानी से राहत मिलेगी और आवश्यकतानुसार तुरंत उपचार संभव होगा।

स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है

ब्रजेश पाठक ने चिकित्सकों और पारा मेडिकल स्टाफ से अपील की कि वे मरीजों को भगवान मानकर सेवा करें, क्योंकि चिकित्सा सेवा एक पुनीत कार्य है और इसके लिए ईश्वर ने उन्हें चुना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है और स्वस्थ राज्य ही सही अर्थों में प्रगति कर सकता है।

उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में प्रगति की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि किसानों को एमएसपी और किसान सम्मान निधि से लाभ मिल रहा है, वहीं सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में भी निरंतर सुधार जारी है।

Also Read: दिल्ली भाजपा के नए दफ्तर का उद्घाटन, पीएम मोदी बोले – पार्टी हमेशा दिल्लीवासियों के साथ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.