Lucknow News: लखनऊ में CBI अधिकारी बनकर महिला से ₹22,500 की ठगी
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में ऑनलाइन फ्रॉड का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। हजरतगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला को साइबर जालसाजों ने CBI अधिकारी बनकर कॉल किया और केस दर्ज होने का झांसा देकर जेल भेजने की धमकी दी। ठगों ने महिला से 56 हजार रुपये की मांग की, लेकिन जब उसने रुपये देने से मना कर दिया तो उनके बैंक खाते से OTP के जरिए 22,500 रुपये निकाल लिए गए।
मोबाइल पर एक कॉल आया
पीड़िता नीलम शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 अगस्त को उनके मोबाइल पर एक कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को CBI का अधिकारी बताते हुए कहा कि वह ऑनलाइन वीडियो ज्यादा देखती हैं और इसी वजह से उनके खिलाफ केस दर्ज हो गया है। आरोपी ने धमकी दी कि अगर गिरफ्तारी से बचना चाहती हैं तो तुरंत 56 हजार रुपये उसके अकाउंट में जमा करें।
नीलम शर्मा ने पैसे भेजने से इंकार किया तो थोड़ी देर बाद उनके मोबाइल पर कई OTP आने लगे। कुछ ही देर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के उनके खाते से 22,500 रुपये अपने आप कट गए। अचानक रकम निकलने की जानकारी मिलते ही पीड़िता घबरा गईं और तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। उन्हें शिकायत का एकनॉलेजमेंट नंबर भी दिया गया।
आरोपी की तलाश
इसके बाद महिला ने थाना हजरतगंज और साइबर सेल में भी लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए IT एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साइबर सेल अब कॉल डिटेल्स, बैंक ट्रांजेक्शन और डिजिटल फॉरेंसिक की मदद से आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में लोग किसी भी अजनबी कॉल पर अपनी जानकारी साझा न करें और संदेह होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं
Also Read: Lucknow News: सीएम आवास के बाहर महिला का आत्मदाह का प्रयास, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

