Lucknow News: महिलाओं से चेन स्नैचिंग करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के दक्षिणी जोन के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग करने वाले एक शातिर बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम मो. आसिफ है, जो पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में लिप्त रह चुका है। पुलिस ने उसके पास से लूटी गई चेन का एक हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

मामला कब और कैसे खुला?

9 मई 2024 को एक महिला, जो अपनी बच्ची को ट्यूशन छोड़ने जा रही थी, एलडीए कॉलोनी सेक्टर डी-1 रोड पर बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उसकी चेन झपट ली और फरार हो गए। इसके बाद 6 जून 2025 को एक और महिला के साथ पंडितखेड़ा मोड़ पर मॉर्निंग वॉक के दौरान ऐसी ही चेन स्नैचिंग की कोशिश की गई। दोनों मामलों में कृष्णानगर थाने में केस दर्ज किए गए।

चार टीमों ने की थी सघन जांच

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए थाना कृष्णानगर की चार टीमें गठित की गईं, जिन्होंने CCTV फुटेज और ग्राउंड इंटेलिजेंस के आधार पर जांच शुरू की।

2 जुलाई 2025 को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने गंगाखेड़ा रेलवे अंडरपास के पास से मो. आसिफ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूलते हुए बताया कि उसने ये वारदात अपने साथी मो. उस्मान के साथ मिलकर की थी, जो अभी फरार है।

क्या बताया आरोपी ने?

आसिफ ने कबूल किया कि उसने एलडीए कॉलोनी में एक महिला की चेन छीनी थी, जो छीनने के दौरान दो हिस्सों में टूट गई थी। एक टुकड़ा उसके पास से बरामद हुआ है और दूसरा उसके साथी उस्मान के पास है। उसने यह भी स्वीकार किया कि 6 जून को उसने जयपुरिया स्कूल के पास एक और महिला से चेन झपटने की कोशिश की थी, लेकिन शोर मचने पर भाग खड़ा हुआ।

अपराध की शैली (Modus Operandi)

आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर पहले सूनसान जगहों की रेकी करता था। फिर मॉर्निंग वॉक या अकेली चल रही महिलाओं को निशाना बनाकर झपटमारी करता था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मो. आसिफ पहले भी लूट, अपहरण, आर्म्स एक्ट और गैंग एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में लिप्त रहा है। उसके खिलाफ 11 से अधिक मुकदमे लखनऊ, कानपुर और अमेठी के विभिन्न थानों में दर्ज हैं, जिनमें मुख्यतः धारा 392/411, 364A, 323, 386, 504, 120B आदि शामिल हैं।

बरामद सामान:

  • लूटी गई चेन का टुकड़ा
  • बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल (घटना में प्रयुक्त)

लखनऊ पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में झपटमारी और छिनैती की वारदातों पर लगाम लगने की उम्मीद है। वहीं फरार आरोपी उस्मान की तलाश तेज कर दी गई है।

Also Read: Lucknow: ‘मैंगो मेनिया’ कुकिंग कॉन्टेस्ट में महिलाओं ने दिखाया हुनर,…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.