Lucknow News: भारी बारिश के बीच नाले में बहा युवक, परिवार में मचा कोहराम
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में शनिवार को हुई मूसलधार बारिश एक दर्दनाक हादसे की वजह बन गई। ठाकुरगंज क्षेत्र के मंजू टंडन ढाल के पास एक युवक बारिश के चलते भरे पानी में बहते हुए नाले में गिर गया। तेज बहाव के कारण युवक अचानक संतुलन खो बैठा और देखते ही देखते पानी में लापता हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, क्षेत्र में जलभराव इतना अधिक था कि नाला और सड़क के बीच फर्क कर पाना मुश्किल हो गया था। हादसे की सूचना मिलते ही नगर निगम जोन-6 की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। नाले की सफाई कर रहे कर्मचारी और स्थानीय गोताखोर युवक की तलाश में जुटे हुए हैं।
वहीं दूसरी ओर, युवक के परिजन सदमे में हैं और रो-रो कर बुरा हाल है। परिवार वालों का कहना है कि अगर इलाके में जल निकासी की समुचित व्यवस्था होती, तो यह हादसा टाला जा सकता था।
स्थानीय लोगों ने भी नगर निगम और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि हर साल बारिश में यही हाल होता है, लेकिन जिम्मेदार विभाग समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाते।
फिलहाल युवक की तलाश जारी है और मौके पर भीड़ जुटी हुई है। प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने की अपील की है।
Also Read: लखनऊ से शुरू हुई ‘श्री तेग बहादुर संदेश यात्रा’, मुख्यमंत्री योगी ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत

