Lucknow News: “स्कूल बचाओ” की हुंकार आम आदमी पार्टी का शंखनाद, यूपी सरकार के खिलाफ़ प्रदेशव्यापी अभियान शुरू

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार द्वारा सरकारी स्कूलों को बंद करने के फैसले के विरोध में आम आदमी पार्टी ने रविवार को एक अनोखा और जोरदार अभियान शुरू किया — “ढपोरशंखों को जगाओ, शंख बजाओ, स्कूल बचाओ”। प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह खुद हापुड़ पहुंचे और एक बंद पड़े प्राथमिक विद्यालय में बच्चों, उनके अभिभावकों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर शंखनाद किया। उनका संदेश साफ था — “सरकारी स्कूलों को बंद कर यह सरकार गरीबों के बच्चों से शिक्षा का अधिकार छीन रही है। ये डबल इंजन की नहीं, ढपोरशंखों की सरकार है।”

27000 स्कूल बंद, 27000 मधुशालाएं चालू?

lko
प्रदर्शन करते आप कार्यकर्त्ता

संजय सिंह ने योगी सरकार पर सीधा हमला करते हुए कहा कि प्रदेश में अब तक 27,000 सरकारी स्कूल बंद किए जा चुके हैं, जबकि लगभग इतनी ही संख्या में नई शराब की दुकानें खोली गई हैं। उन्होंने इसे बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के शिक्षित भारत के सपने के खिलाफ एक साजिश बताया।

उन्होंने कहा –यह सरकार स्कूल बंद करके बच्चों को अनपढ़ रखने की साजिश कर रही है। हम संसद से सुप्रीम कोर्ट तक इस अन्याय के खिलाफ आवाज़ उठाएंगे।

संजय सिंह ने बताया कि उन्होंने स्कूलों के मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए धारा 267 के तहत नोटिस दिया है और सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करने की तैयारी कर रहे हैं।

हापुड़ में 200 बच्चों का स्कूल बंद 

हापुड़ के जिस स्कूल में संजय सिंह पहुंचे, वहां कभी 200 बच्चे पढ़ते थे। अब वो स्कूल बंद पड़ा है। सरकार का तर्क है कि छात्रों की संख्या घट गई है। लेकिन संजय सिंह ने सवाल उठाया कि जब स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं जैसे पंखे, बिजली, मिड डे मील ही नहीं होंगे, तो बच्चों की संख्या कैसे बढ़ेगी?

उन्होंने कहा,

स्कूल बंद करना बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। आम आदमी पार्टी इसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

हर जिले में पहुंचे आप कार्यकर्ता

प्रदेशभर में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बंद स्कूलों पर पहुंचे और बच्चों-अभिभावकों के साथ मिलकर शंख और थाली बजाकर सरकार को जगाने का प्रयास किया। सोमेंद्र ढाका (प्रांतीय अध्यक्ष) ने कहा-हम गांव-गांव, स्कूल-स्कूल जाकर बच्चों की आवाज़ उठाएंगे। यह केवल शुरुआत है।

लखनऊ के बीकेटी विधानसभा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय विश्रामपुर में भी विरोध दर्ज किया गया, जहां निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने शंखनाद करते हुए कहा,

सरकारी स्कूल गरीबों की आशा हैं। इन्हें बंद करने का कोई नैतिक या लोकतांत्रिक अधिकार इस सरकार को नहीं है।

आने वाले दिनों में तेज़ होगा आंदोलन

आम आदमी पार्टी ने साफ कर दिया है कि यह आंदोलन अब थमने वाला नहीं है। आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज़ होगा, गांव-गांव, गली-गली तक पहुंचेगा। शिक्षा अधिकार है, एहसान नहीं। स्कूल बचेंगे, तभी देश बढ़ेगा।

Also Read: Barabanki News: बेटे-बहू की फंदे से लटकी मिली लाश, एक दिन पहले घर में…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.