Lucknow News: ABVP का रामस्वरूप यूनिवर्सिटी पर अवैध कब्जे का आरोप, 48 घंटे का दिया अल्टीमेटम
Lucknow News: बाराबंकी की रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी को लेकर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा। विधि छात्रों के विरोध प्रदर्शन और लाठीचार्ज के बाद अब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एबीवीपी ने यूनिवर्सिटी पर न केवल अवैध रूप से पाठ्यक्रम चलाने और छात्रों से मनमाना शुल्क वसूलने का आरोप लगाया, बल्कि जमीन कब्जे का मुद्दा भी उठाया है।
गंभीर आरोप: बिना मान्यता चलाया पाठ्यक्रम
एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री अंकित शुक्ला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि यूनिवर्सिटी ने लंबे समय तक बिना मान्यता के विधि पाठ्यक्रम संचालित किया। छात्रों से विलंब शुल्क और सामाजिक कल्याण शुल्क के नाम पर पैसा वसूला गया। परिषद का दावा है कि बार काउंसिल ऑफ इंडिया से प्रोविजनल अनुमति सिर्फ 3 सितंबर 2025 को मिली है। ऐसे में सवाल है कि छात्रों का भविष्य अब तक अंधेरे में क्यों रखा गया।
अंकित शुक्ला ने आगे आरोप लगाया कि यूनिवर्सिटी ने करीब 6 बीघे सरकारी भूमि—जिसमें तालाब, नाली, चकमार्ग और बजर शामिल है—पर अवैध कब्जा कर रखा है। इस पर तहसीलदार कोर्ट ने 27.96 लाख रुपये का जुर्माना लगाया और 15 दिन में कब्जा हटाने का आदेश दिया है।
पुलिस पर भी आरोप
एबीवीपी ने कहा कि छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन के दौरान बाहरी गुंडों को बुलाकर हमला कराया गया और फिर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। आरोप है कि सीओ के पहुंचने के बाद ही बल प्रयोग हुआ। परिषद ने मांग की है कि लाठीचार्ज में शामिल पुलिसकर्मियों और बाहरी गुंडों पर FIR दर्ज हो।
विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी है कि अगर 48 घंटे में दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन प्रदेशव्यापी होगा। परिषद ने घोषणा की कि सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
Also Read: आम आदमी को बड़ी राहत, 22 सितंबर से सस्ते हो जाएंगे कई सामान, GST काउंसिल ने घटाए टैक्स स्लैब

