Lucknow News: जल संस्थान के सरकारी क्वार्टर में हादसा, छत का प्लास्टर गिरने से महिला घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के केकेसी जोनल पंपिंग स्टेशन पर बने जल संस्थान के सरकारी क्वार्टरों में रहने वालों के लिए खतरा बढ़ गया है। सोमवार को एक क्वार्टर की छत का प्लास्टर गिरने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसके चेहरे पर पांच टांके लगाए।

यह घटना बीते 8 सितंबर 2025 (सोमवार) सुबह 11 बजे के आसपास हुई। जल संस्थान के ज़ोन-1 में तैनात गैंगमैन लिण्डन ईनस ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ इन्हीं जर्जर क्वार्टरों में रहते हैं। सोमवार को उनकी पत्नी संतोष घर में थीं, तभी अचानक छत का प्लास्टर गिर गया, जिससे उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।

इस घटना के बाद कॉलोनी में रहने वाले कर्मचारियों में गुस्सा है। लिण्डन ईनस का कहना है कि वे कई बार जल संस्थान के महाप्रबंधक को क्वार्टरों की मरम्मत के लिए पत्र लिख चुके हैं, लेकिन उनकी शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि बारिश के कारण मकानों की हालत और भी खराब हो गई है, और कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि 7 साल में ये चौथी घटना है। कर्मचारियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इन मकानों की मरम्मत कराने की मांग की है।
इस मामले के संबंध में जब ‘संदेश वाहक’ की टीम ने जलविभाग के जीएम कुलदीप सिंह को फोन किया। तो उनकी तरफ से कोई उत्तर नहीं मिला।
Also Read: PNB बलरामपुर लोन घोटाला: शाखा प्रबंधक समेत दो गिरफ्तार, 12 करोड़ से अधिक का गबन उजागर

