Lucknow News: मासूम से दरिंदगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने ‘अटारी चौराहे’ से दबोचा
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के थाना माल इलाके में एक बेटी के साथ हुई हैवानियत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पकड़े गए युवक पर एक व्यक्ति ने अपनी पुत्री के साथ दुष्कर्म करने का संगीन आरोप लगाया था।
क्या है पूरा मामला?
बीती 9 जनवरी को पीड़िता के पिता ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और आरोपी दुर्गेश कनौजिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने विवेचना के दौरान मुकदमे में पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धाराएं भी बढ़ा दी हैं।
घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी
थाना माल के वरिष्ठ उप-निरीक्षक हरिदास चौरसिया और उप-निरीक्षक राजाबाबू विश्वकर्मा की टीम आरोपी की लोकेशन ट्रैक कर रही थी। रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कहीं भागने की फिराक में है। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए अटारी चौराहे पर घेराबंदी की और 22 वर्षीय दुर्गेश कनौजिया को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई
पकड़ा गया आरोपी दुर्गेश कनौजिया, माल क्षेत्र के ही आंटगढ़ी सौरा गांव का रहने वाला है। थाना माल पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस इस मामले में पुख्ता साक्ष्य जुटा रही है ताकि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।
Also Read: Lucknow News: गैंगस्टर एक्ट में वांछित मनोज यादव और उसका साथी गिरफ्तार, हुए कई खुलासे

