Lucknow News: अवैध पटाखा फैक्ट्री धमाके के बाद अलर्ट मोड पर प्रशासन, CFO ने किया निरीक्षण
Lucknow News: गुडंबा थाना क्षेत्र के बेहटा गांव में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके के बाद लखनऊ प्रशासन अब अलर्ट मोड पर है। दीपावली करीब होने के चलते आतिशबाजी के भंडारण और बिक्री स्थलों पर सुरक्षा मानकों की सख्ती से जांच शुरू हो गई है। इसी क्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अंकुश मित्तल ने गुरुवार को गोसाईंगंज इलाके की कई आतिशबाजी दुकानों और गोदामों का गहन निरीक्षण किया।
बेहटा गांव धमाके ने हिलाया प्रशासन
गुडंबा थाना क्षेत्र में हुए धमाके ने पूरे शहर को दहला दिया था। इस घटना के बाद प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं होगी। बिना लाइसेंस और सुरक्षा नियमों की अनदेखी करते हुए पटाखों का भंडारण करने वालों पर न सिर्फ केस दर्ज होंगे, बल्कि फैक्ट्रियां और दुकानें भी सील कर दी जाएंगी।

गोसाईंगंज में सुरक्षा इंतजामों की जांच
निरीक्षण के दौरान CFO अंकुश मित्तल ने दुकानों में लगे अग्निशमन यंत्र, निकासी मार्ग और विस्फोटक भंडारण की स्थिति का जायजा लिया। व्यापारियों को चेतावनी दी गई कि सभी अग्निशमन यंत्र हमेशा सक्रिय होने चाहिए और श्रमिकों को आग बुझाने व आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से दिया जाए। CFO ने कहा –
“प्रशासन का मकसद सिर्फ सख्ती करना नहीं, बल्कि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।”
दिवाली पर सुरक्षित माहौल की तैयारी
दीपावली के दौरान पटाखों की खपत सबसे ज्यादा होती है। ऐसे में प्रशासन ने दुकानदारों को निर्देश दिया है कि वे केवल लाइसेंस प्राप्त सामान ही बेचें और किसी भी तरह का अवैध स्टॉक तुरंत हटा दें। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा नियमों का पालन कर ही त्योहार का आनंद सुरक्षित तरीके से लिया जा सकता है।
Also Read: लखनऊ नगर निगम में मचा घमासान, पार्षदों ने लगाए ‘अंधेर नगरी चौपट राजा’ के नारे, मेयर ने छोड़ी कुर्सी

