Lucknow News: दर्जनों CCTV खंगालने के बाद दबोचा गया शातिर लुटेरा ‘गंगाधर’, पैर में लगी गोली

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक दुस्साहसिक मुठभेड़ के बाद शातिर लुटेरे अर्जुन रावत उर्फ गंगाधर को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस की ओर से की गई आत्मरक्षार्थ फायरिंग में वह घायल हो गया।

20 मार्च 2026 की शाम लगभग 7-8 बजे के बीच, वादिनी प्रीति सिंह (निवासी भदुरुक, आशियाना) बंगला बाजार स्थित किया कार शोरूम के पास मोबाइल पर बात करते हुए पैदल जा रही थीं। तभी पीछे से आए एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने उनका फोन छीना और तेलीबाग की ओर फरार हो गया। घटना के अनावरण के लिए गठित दो पुलिस टीमों ने लगभग 40-50 सीसीटीवी कैमरे चेक किए, जिससे अभियुक्त अर्जुन रावत की पहचान सुनिश्चित हुई।

मुठभेड़ और गिरफ्तारी (21 मार्च 2026)

मुखबिर से सूचना मिली कि अभियुक्त सवई की तरफ से कालिन्दी जा रहा है। पुलिस टीम ने सेक्टर-15 नहर रोड के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख अभियुक्त ने अपने तमंचे से पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। उसे तत्काल प्राथमिक उपचार हेतु ट्रॉमा सेंटर, पीजीआई भेजा गया।

अभियुक्त का विवरण और आपराधिक इतिहास

नाम: अर्जुन रावत उर्फ गंगाधर (उम्र करीब 25 वर्ष)

निवासी: किला मोहम्मदीनगर, थाना आशियाना, लखनऊ।

अभियुक्त एक शातिर अपराधी है, जिस पर आशियाना, आलमबाग और पीजीआई थानों में गैंगस्टर एक्ट, दुष्कर्म (376), चोरी और लूट समेत कुल 7 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। हाल ही में उसके विरुद्ध पीजीआई थाने में बीएनएस (BNS) की धारा 304(2) के तहत भी मामला दर्ज हुआ था।

बरामदगी की सूची

पुलिस ने अभियुक्त के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया है।

लूटा गया माल: 01 अदद रियलमी (Realme) मोबाइल फोन।

हथियार: 01 अदद देशी तमंचा (315 बोर), 02 जिंदा कारतूस, 01 खोखा कारतूस (315 बोर) और 02 खोखा कारतूस (9 एमएम)।

वाहन: घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की पल्सर 125 सीसी मोटरसाइकिल।

नकदी: ₹1200/- नगद।

Also Read: मीरजापुर: DGP राजीव कृष्ण ने ली जोन स्तरीय समीक्षा बैठक, अपराधियों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ का अल्टीमेटम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.