Lucknow News: शादी टूटने के बाद पूर्व मंगेतर दे रहा धमकियां, युवती ने दर्ज कराई FIR
Lucknow News: लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवती ने अपने पूर्व मंगेतर पर मानसिक प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि शादी टूटे एक साल हो चुका है, लेकिन आरोपी लगातार फोन कॉल और मैसेज के जरिए धमकियां देकर उसे परेशान कर रहा है।
दफ्तर तक पहुंचकर करता है डराने की कोशिश
पीड़िता ने बताया कि आरोपी कई बार उसके दफ्तर तक आकर डराने और धमकाने की कोशिश करता है। यही नहीं, इस संबंध में पहले भी थाने में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता कृष्णानगर थाना क्षेत्र के भोलाखेड़ा की रहने वाली है। उसकी शादी ठाकुरपुर गांव के रहने वाले रविशंकर त्रिवेदी से तय हुई थी। लेकिन करीब एक साल पहले आपसी मतभेद और कहासुनी के कारण यह रिश्ता टूट गया। युवती का आरोप है कि तभी से आरोपी उसे कॉल और मैसेज करके परेशान करने लगा। पीड़िता ने बताया कि उसने आरोपी की हरकतों की जानकारी उसके परिवार को भी दी, लेकिन परिवार की ओर से कोई समाधान नहीं निकला। इसके चलते वह पिछले लंबे समय से तनाव और भय में जी रही है।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़िता ने छह महीने पहले भी कृष्णानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन आरोपी नहीं सुधरा और अब तो हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि वह ऑफिस तक पहुंचकर जान से मारने की धमकियां देने लगा है। इंस्पेक्टर कृष्णानगर ने बताया कि युवती की तहरीर पर FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Also Read: पाकिस्तान जिंदाबाद पोस्ट करना राजद्रोह नहीं, हाईकोर्ट ने आरोपी को दी जमानत

