Lucknow News: इंस्टाग्राम पर चेतावनी देने के बाद CM आवास के पास आत्मदाह को मजबूर हुई रेप पीड़िता
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के वीवीआईपी जोन में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास के बाहर एक महिला ने आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए महिला को पकड़ लिया और उसकी जान बचा ली।
पीड़िता गाजियाबाद की रहने वाली है और शुरुआती पूछताछ में उसने आरोप लगाया कि रेप केस में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। महिला का कहना है कि उसने आत्मदाह से पहले इंस्टाग्राम पर चेतावनी भी दी थी कि अगर न्याय नहीं मिला तो वह यह कदम उठाएगी।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
महिला ने बताया कि 24 जून को उसने गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाने में दुष्कर्म की तहरीर दी थी। लेकिन पुलिस ने लंबे समय तक मामले को नजरअंदाज किया। आखिरकार हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद 25 दिन बाद मुकदमा दर्ज हुआ। इसके बावजूद आरोपी को न तो गिरफ्तार किया गया और न ही कोई ठोस कार्रवाई हुई।
पीड़िता का दावा है कि उसने कई बार आरोपी की लोकेशन पुलिस को बताई लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय मामले को टाल दिया। इसी लापरवाही से परेशान होकर वह लखनऊ पहुंची और सीएम आवास के बाहर आत्मदाह का प्रयास किया।
मौके पर मची अफरा-तफरी
घटना के बाद मुख्यमंत्री आवास के बाहर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिस टीम ने समय रहते पीड़िता को रोककर बड़ी घटना होने से बचा लिया। फिलहाल गौतमपल्ली थाने की पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है।
इस घटना ने एक बार फिर पुलिस की संवेदनशील मामलों को लेकर सुस्ती और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Also Read: Kanpur News: रिटायर्ड कर्मी से 14 लाख की ठगी, पनकी पुलिस ने रियल एस्टेट कंपनी के एमडी को दबोचा

