Lucknow News: फर्जी इमरजेंसी कॉल पर बुलाया एम्बुलेंस, पहुंचते ही बदमाशों ने चालक पर किया रॉड से हमला, FIR दर्ज

Lucknow News: राजधानी में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे फर्जी इमरजेंसी का झांसा देकर लोगों पर हमला करने से भी नहीं हिचक रहे। चौक थाना क्षेत्र से सामने आए इस सनसनीखेज मामले ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकीपुरम सेक्टर-8 निवासी आयुष सिंह प्राइवेट एम्बुलेंस चलाते हैं। आयुष ने बताया कि सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे उनके पास एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉलर ने खुद को मरीज का परिजन बताते हुए कहा कि KGMU ट्रॉमा सेंटर से लोहिया अस्पताल मरीज को शिफ्ट करना है, तुरंत एम्बुलेंस भेजो। आयुष ने सरकारी एम्बुलेंस लेने की सलाह दी, लेकिन कॉलर ने निजी एम्बुलेंस के लिए पैसे देने की बात कही। इस पर वह खुद एम्बुलेंस लेकर KGMU गेट नंबर 17 पर पहुंच गए।

प्लास्टिक दुकानदार और साथियों ने किया हमला

आयुष का आरोप है कि जैसे ही वह गेट पर पहुंचे, वहां दुकान लगाने वाला युवक शिवम अपने साथियों के साथ आया और एम्बुलेंस का रास्ता रोक दिया। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें नीचे उतारकर पहले धक्का-मुक्की की और फिर लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। सिर और शरीर पर लगातार वार होने से आयुष लहूलुहान हालत में वहीं गिर पड़े। हमलावरों ने लात-घूंसों से भी मारपीट की और मौके पर भीड़ जुटती देख जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

FIR दर्ज, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

घायल चालक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके सिर पर कई टांके लगाए गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर शिवम और उसके अन्य साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। चौक इंस्पेक्टर का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी बदमाश गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।

Also Read: Lucknow News: लखनऊ के पॉश इलाके में बंद मकान से 25 लाख की चोरी, पुलिस की सुस्ती पर सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.