Lucknow News: दहेज की बलि चढ़ी एक और बेटी, आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाला पति गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में दहेज के लिए पत्नी को प्रताड़ित करने और उसे खुदकुशी के लिए मजबूर करने वाले मुख्य आरोपी अजीत को पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। 15 सितंबर 2025 को हुई इशिका गौतम की मौत के मामले में पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की है।

2017 में हुई थी शादी, फिर शुरू हुआ ‘नरक’

मृतका इशिका के भाई संतोष कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन का विवाह साल 2017 में बंथरा के भदोई गांव निवासी अजीत के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वालों का असली चेहरा सामने आ गया। अजीत और उसके परिवार वाले अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर इशिका को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। आए दिन मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं।

लगातार हो रही प्रताड़ना और अपमान से तंग आकर इशिका ने 15 सितंबर 2025 को अपने ससुराल में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। भाई का आरोप है कि उसकी बहन ने यह कदम अपनी मर्जी से नहीं उठाया, बल्कि उसे ऐसा करने के लिए मजबूर किया गया।

पूछताछ में पति का बचाव और पुलिस का शिकंजा

गिरफ्तार अभियुक्त अजीत, जो बिजली विभाग में मीटर रीडर का काम करता है, उसने पूछताछ में खुद को निर्दोष बताने की कोशिश की। उसका दावा है कि घटना के दिन मामूली कहासुनी हुई थी और वह काम पर चला गया था। हालांकि, पुलिस द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों और मृतका के परिवार के आरोपों के आधार पर अजीत को मुख्य दोषी माना गया है।

कानूनी कार्रवाई

बंथरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं (85, 115(2), 352, 351(3), 108) के तहत मुकदमा दर्ज कर अजीत को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस मामले में नामजद अन्य 10 आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Also Read: Lucknow News: बुलेट को टक्कर मार बाप-बेटे की जान लेने वाला कार चालक गिरफ्तार, महिंद्रा XUV बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.