Lucknow News: हॉस्टल में घुसे हथियारबंद दबंग, मोबाइल-नकदी लूटकर फरार
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र में बदमाशों ने खुलेआम आतंक मचा दिया। असलहों और लाठियों से लैस दबंगों ने ओम बॉयज हॉस्टल पर धावा बोलकर वहां मौजूद केयरटेकर और स्टाफ को बेरहमी से पीटा। हमले में केयरटेकर का हाथ टूट गया जबकि दो अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए।
घटना चिनहट मटियारी चौराहे की है, जहां गोरखपुर निवासी अभय सिंह, बस्ती के अविचल शुक्ला और बाराबंकी के शनि सिंह अपने 10–12 साथियों के साथ पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने गाली-गलौज करते हुए कहा कि वे ‘धनंजय को निपटाने’ आए हैं। रोकने पर दबंगों ने लाठी-डंडों और अवैध असलहों से हमला बोल दिया।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
हमलावरों ने जाते-जाते केयरटेकर का मोबाइल फोन, नकदी और कागजात भी लूट लिए। पूरी वारदात हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों और 10–12 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
यह घटना न केवल हॉस्टल सुरक्षा पर बल्कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।
Also Read: Baliya News: संजय निषाद की गाड़ी डिवाइडर से टकराई, बाल-बाल बचे

