Lucknow News: विधायक का स्टीकर लगी SUV से दरोगा को कुचलने का प्रयास, छेड़छाड़ के आरोपी को पुलिस ने छोड़ा
Lucknow News: राजधानी के जानकीपुरम इलाके में मंगलवार शाम बड़ा हंगामा हो गया। स्कूल की छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोपी ने दरोगा को अपनी SUV से कुचलने की कोशिश की, लेकिन गनीमत रही कि दरोगा समय रहते बच गए। एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ तो लिया, मगर हैरानी की बात यह रही कि पुलिस ने कार्रवाई केवल गाड़ी सीज करने तक ही सीमित रखी और आरोपी को थाने से छोड़ दिया।
स्कूल की प्रिंसिपल ने लगाया गंभीर आरोप
जानकारी के मुताबिक, इलाके के एक स्कूल की प्रधानाचार्य ने बताया कि पिछले कई दिनों से बिना नंबर प्लेट वाली SUV में सवार युवक स्कूल की छुट्टी के समय छात्राओं से छेड़छाड़ करता और उनका पीछा करता था। 23 अगस्त को तो वह स्कूल गेट तक पहुंच गया और स्टाफ के रोकने पर गाड़ी से टक्कर मारने की कोशिश की। इस मामले की शिकायत गुडंबा पुलिस से भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार शाम टेढ़ी पुलिया चौराहे पर दरोगा राम गोपाल यादव ने जब SUV को रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने उन पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। हालांकि, दरोगा बाल-बाल बच गए और पीछा करते हुए शनि मंदिर के पास आरोपी को पकड़ लिया।
खुद को बताया नेता का रिश्तेदार
पकड़े जाने पर आरोपी ने खुद को पूर्व सांसद का रिश्तेदार बताया। SUV पर भाजपा का झंडा, विधायक का स्टीकर और बीकन लाइट लगी हुई थी। इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी गाड़ी के कागजात नहीं दिखा सका था, इसलिए उसकी गाड़ी सीज कर दी गई है। स्थानीय लोगों और स्कूल प्रशासन का आरोप है कि पुलिस आरोपी पर गंभीर धाराओं में कार्रवाई करने से बच रही है और सिर्फ औपचारिकता पूरी की गई। इससे इलाके में नाराजगी का माहौल है।
Also Read: Lucknow News: गणेश चतुर्थी पर 10 दिनों तक बदले रहेंगे यातायात के रास्ते, आज से लागू

