Lucknow News: विश्वकर्मा पूजा के बीच चली बांके की धार, गर्भवती की मौत

Lucknow News: गुडंबा थाना क्षेत्र के दसौली गांव में बुधवार देर शाम हुई दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। मजदूरी करने वाला अंकुर अपनी आठ माह की गर्भवती पत्नी नीलम और मां फूलमती पर अचानक धारदार बांके से टूट पड़ा। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। खून से लथपथ हालत में उन्हें ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां पत्नी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

वारदात से अफरा-तफरी मच गई

पुलिस के मुताबिक, अंकुर महज दो माह पहले ही परिवार के साथ दसौली गांव में किराए पर रहने आया था। बताया जाता है कि शाम को किसी बात पर पत्नी और मां से कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के वक्त घर में विश्वकर्मा पूजा का भंडारा चल रहा था। अचानक हुई इस वारदात से वहां अफरा-तफरी मच गई।

आरोपी शांत स्वभाव का दिखता था

घटना के दौरान आरोपी की बहन चांदनी ने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। ग्रामीणों ने किसी तरह अंकुर को काबू में किया और खंभे से बांध दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची गुडंबा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले गई। मकान मालिक और पड़ोसियों के मुताबिक, आरोपी पहले भी यहां किराए पर रह चुका था और हमेशा शांत स्वभाव का दिखता था।

अचानक हुए इस घटना से सभी हैरान हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे मानसिक तनाव या पारिवारिक विवाद की वजह हो सकती है। हर एंगल से जांच की जा रही है।

Also Read: नीतीश कुमार और अमित शाह की मुलाकात, NDA की चुनावी रणनीति पर मंथन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.