Lucknow News: BBAU के पासआउट छात्रों को मिलेंगे स्मार्टफोन और टैबलेट, 25 जुलाई को होगा वितरण
Sandesh Wahak Digital Desk: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (BBAU), लखनऊ के 2024 में पासआउट छात्रों के लिए एक खास खबर है। विश्वविद्यालय प्रशासन 25 जुलाई 2025 को स्मार्टफोन और टैबलेट वितरित करने जा रहा है। यह कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे, पृथ्वी एवं पर्यावरण विज्ञान विद्यापीठ सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल खुद मौजूद रहेंगे और छात्रों को व्यक्तिगत रूप से स्मार्ट डिवाइसेज़ सौंपेंगे।
223 छात्रों को मिलेगा फायदा
डीन स्टूडेंट वेलफेयर (DSW) प्रो. नरेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि यह वितरण द्वितीय चरण का हिस्सा है, जिसमें 223 विद्यार्थियों को स्मार्टफोन या टैबलेट दिए जाएंगे। इन छात्रों के नाम उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सत्यापित डाटा में शामिल हैं। इससे पहले, प्रथम चरण में 40 विद्यार्थियों को यह सुविधा पहले ही दी जा चुकी है। प्रो. कुमार ने बताया कि जैसे-जैसे बाकी छात्रों का डाटा सत्यापित होता जाएगा, उन्हें भी चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट डिवाइसेज़ दिए जाएंगे।
क्या छात्रों को करना होगा?
- BBAU प्रशासन ने सभी पात्र छात्रों से अपील की है कि वे आधिकारिक सूची में अपना नाम जरूर जांचें।
- कार्यक्रम वाले दिन सभी को मान्य फोटो पहचान पत्र (ID कार्ड) के साथ समय से सभागार पहुंचना होगा, ताकि डिवाइस वितरण की प्रक्रिया बिना किसी अड़चन के पूरी हो सके।
- विद्यार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट https://www.bbau.ac.in पर जाकर संबंधित जानकारी देख सकते हैं।
डिजिटल शिक्षा को मजबूती देने की पहल
- विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह पहल डिजिटल एजुकेशन को बढ़ावा देने की दिशा में एक और ठोस कदम है।
- स्मार्टफोन और टैबलेट से छात्रों को ऑनलाइन शैक्षिक सामग्री तक आसान और त्वरित पहुंच मिलेगी, जिससे उनकी पढ़ाई में गुणवत्ता और आत्मनिर्भरता बढ़ेगी।
- कार्यक्रम के दौरान सभी छात्रों और शिक्षकों से समय की पाबंदी, अनुशासन और सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है, ताकि आयोजन स्मूद और सफल हो।
Also Read: UP Politics: अखिलेश यादव का बड़ा आरोप, बोले- UP में उपचुनाव लूटे गए, चुनाव आयोग चुप रहा

