Lucknow News: लखनऊ में बीजेपी का जोरदार प्रदर्शन, पीएम मोदी पर टिप्पणी से गुस्साए कार्यकर्ता, पुलिस से हुई झड़प
Lucknow News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बिहार में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर लखनऊ में बीजेपी कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए और कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। शनिवार को बीजेपी महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने वीवीआईपी गेस्ट हाउस के बाहर इकट्ठा होकर विरोध-प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस के साथ उनकी तीखी झड़प भी हुई।
कांग्रेस कार्यालय की ओर जा रहे थे प्रदर्शनकारी
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और ‘योगी-मोदी जिंदाबाद’ के नारे लगाए। बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय की तरफ बढ़ने लगे, लेकिन पुलिस ने बीच रास्ते में ही बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई।

महिला कार्यकर्ता हुई बेहोश
राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल के आवास के बाहर लगाई गई बैरिकेडिंग को पार करने की कोशिश में पुलिस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई। इसी दौरान, एक महिला कार्यकर्ता बेहोश हो गईं, जिन्हें पुलिस ने तुरंत अपने वाहन में बैठाकर अस्पताल पहुंचाया। काफी देर तक चली मशक्कत के बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाया और वे शांत होकर वापस लौट गए। प्रदर्शन में शामिल महिला और युवा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के साथ-साथ राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की।

माफी न मांगने तक प्रदर्शन जारी रहेगा: बीजेपी
भारतीय जनता युवा मोर्चा के लखनऊ महामंत्री अमित त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की माँ को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी बेहद शर्मनाक है और इससे कांग्रेस पार्टी का असली चरित्र सामने आ गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी माफी नहीं मांगेंगे, तब तक उनका यह प्रदर्शन जारी रहेगा।
Also Read: ‘चुनाव आयोग नहीं बल्कि जुगाड़ आयोग बन गया है’, वोट अधिकार यात्रा में बोले अखिलेश यादव

