Lucknow News: निजी हॉस्टल में बीटेक छात्र का शव फंदे से लटका मिला, नहीं मिला सुसाइड नोट

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के गुडंबा इलाके में देर रात एक निजी हॉस्टल में पढ़ाई कर रहे बीटेक छात्र का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 19 वर्षीय अब्दुल्ला तौफीक के रूप में हुई है, जो इंटीग्रल यूनिवर्सिटी से बीटेक कर रहा था। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिसके बाद परिजनों ने मामले की गहन जांच की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, अब्दुल्ला की मां ने उसे कई बार फोन किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। जब कॉल रिसीव न होने पर परिवार ने हॉस्टल में ही पढ़ने वाले एक अन्य छात्र से संपर्क किया, तो वह अब्दुल्ला के कमरे तक गया।

शव गमछे के सहारे पंखे से लटक रहा था

वहां दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से झांककर देखा तो अब्दुल्ला का शव गमछे के सहारे पंखे से बने फंदे पर लटक रहा था। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फारेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।

इंस्पेक्टर प्रभातेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिवार की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। वहीं, छात्र के परिजन मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.