Lucknow News: गेस्ट हाउस में मिला युवक का शव, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी उलझी

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के वजीरगंज थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। गंगा प्रसाद रोड पर स्थित अल नजीब गेस्ट हाउस के एक कमरे में बिहार के गोपालगंज जिले के रहने वाले आशीष कुमार सिंह (35) का शव मिला है। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हत्या है या आत्महत्या।

क्या है पूरा मामला?

गेस्ट हाउस के कर्मचारी मोहम्मद नसीम ने बताया कि आशीष 19 अगस्त की शाम को इलाज के लिए लखनऊ आए थे। 21 अगस्त की शाम करीब 4 बजे, जब उन्होंने आशीष के कमरे का दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने गेस्ट हाउस मालिक के साथ मिलकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुँची और दरवाजा तोड़ा, तो आशीष का शव कमरे में पड़ा मिला। पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम को बुलाया, जिसने मौके से सबूत इकट्ठा किए।

पुलिस को कमरे में आशीष की उंगलियाँ नीली पड़ी मिलीं, जिससे यह संदेह जताया जा रहा है कि उनकी मौत किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक के भाई अजय कुमार सिंह, जो एक पूर्व सैनिक हैं, ने बताया कि उनकी आशीष से आखिरी बार बात 21 अगस्त की शाम को हुई थी। उस दौरान आशीष की आवाज दबी हुई थी और वह बहुत परेशान लग रहे थे। उस कॉल के बाद उनका फोन बंद हो गया था। पुलिस अब आशीष की कॉल डिटेल्स की जांच कर रही है और गेस्ट हाउस के आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि मौत के पीछे का रहस्य सुलझ सके।

Also Read: संतकबीरनगर में घूसखोर लेखपाल गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.