Lucknow News: घर में मृत मिलीं ब्रिगेडियर की मां, पूजा घर में मिला शव

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के कैसरबाग के नजरबाग इलाके में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां एक ब्रिगेडियर की 85 वर्षीय मां घर के अंदर मृत पाई गईं। वह घर में अकेली रहती थीं और उनके ब्रिगेडियर बेटे अखिलेश कपूर बेंगलुरु में तैनात हैं। जब बेटे ने कई बार फोन किया और कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने अपने एक रिश्तेदार को घर भेजा, जिसके बाद इस घटना का पता चला।

पूजा करते समय हुआ निधन, दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी पुलिस

परिजनों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घर का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे पुलिस ने छत के रास्ते जाकर तोड़ा। अंदर, सेवानिवृत्त शिक्षिका डॉ. सरोजनी कपूर का शव पूजा घर में मिला। पुलिस के मुताबिक, जिस तरह से शव और आसपास की चीजें मिली हैं, उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उनका निधन पूजा करते समय ही हुआ होगा। परिजनों ने बताया कि वह सांस और हृदय रोग से पीड़ित थीं।

रक्षाबंधन के दिन भी महसूस हुई थी तकलीफ

सरोजनी कपूर के भतीजे विमर्श रस्तोगी ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन भी उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। वह अपने भाई के घर राखी बांधने गई थीं, जहां से भतीजा उन्हें वापस घर छोड़ आया था। उनके पति मनोहर कपूर का निधन 11 साल पहले हो चुका था। इंस्पेक्टर अंजनी मिश्रा ने बताया कि कोई शिकायत नहीं मिली है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चलेगा।

 

Also Read: Lucknow News: ड्यूटी पर तैनात सिपाही की हार्ट अटैक से मौत, खुद बाइक चलाकर पहुंचा था अस्पताल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.