Lucknow News: दबंगों ने पुलिसकर्मियों के साथ की मारपीट, फाड़ी वर्दी, 8 आरोपी गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रदेश की राजधानी में पुलिस की सख्ती के बावजूद दबंगों के हौसले कम नहीं हो रहे हैं। अब यह दबंग न केवल आम लोगों से अभद्रता करते हैं, बल्कि पुलिसकर्मियों के साथ भी मारपीट करने से बाज नहीं आ रहे। ताजा मामला कृष्णानगर थाना क्षेत्र के पकड़ी पुल से सामने आया है, जहां शराब की दुकान के बाहर नशे में धुत युवकों ने पुलिस टीम के साथ अभद्रता और मारपीट की।
मंगलवार रात को हंगामा कर रहे शराबियों को जब पुलिस ने सड़क पर अव्यवस्था फैलाने से मना किया, तो युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। नशे में धुत आरोपियों ने दरोगा और सिपाही की वर्दी तक फाड़ दी। इस घटना से माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद थाने से अतिरिक्त बल भेजा गया।
पुलिसकर्मियों को घायल होने पर इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सौरभ जायसवाल, मोहित बाजपेयी, अभय सिंह, संतोष कुमार, रावत, सच्चिदानंद पाण्डेय, सर्वेश पाल, हिमांशु रावत, और अमन सक्सेना शामिल हैं। जबकि फरार आरोपियों शिखर गुप्ता और मंयक शर्मा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं। पुलिस इस गंभीर मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है।
Also Read: MP News: मध्यप्रदेश में बड़ा सड़क हादसा, 9 लोगों की मौत, पांच गंभीर रूप से घायल

