Lucknow News: बुलेट को टक्कर मार बाप-बेटे की जान लेने वाला कार चालक गिरफ्तार, महिंद्रा XUV बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में 5 मार्च को हुए भीषण सड़क हादसे के आरोपी चालक को पुलिस ने दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान खुर्दही बाजार निवासी शिवम सिंह चौहान के रूप में हुई है। पुलिस ने हादसे में इस्तेमाल की गई महिंद्रा XUV 300 कार (UP 32 QY 1854) को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

एक झटके में उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार

यह दर्दनाक हादसा तब हुआ जब पीड़ित सुमेश के पिता सुशील कुमार अपनी पत्नी बबली और ससुर मुन्नीलाल के साथ बुलेट मोटरसाइकिल (UP 32 QZ 6912) से जा रहे थे। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर में सुशील कुमार और उनके ससुर मुन्नीलाल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सुमेश की मां बबली इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज चल रहा है।

गलत दिशा और तेज रफ्तार बनी काल

पुलिस की पूछताछ में आरोपी शिवम सिंह चौहान ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। उसने बताया कि होली के त्योहार के दौरान वह अपनी कार बहुत तेज गति से और गलत दिशा (Wrong Side) में चला रहा था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट पर सवार तीनों लोग दूर जा गिरे। हादसे के बाद डर के मारे आरोपी अपनी कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया था।

पुलिस की सक्रियता से पकड़ा गया आरोपी

हादसे के बाद सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मुखबिर की सूचना और वाहन नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के घर (खुर्दही बाजार बक्कास) पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं (281, 125(B), 106(1)) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

Also Read: Lucknow News: इटौंजा अपहरण कांड के मुख्य आरोपी ‘प्रधान’ और उसका साथी गिरफ्तार, स्कॉर्पियो बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.