Lucknow News: ओल्ड मेडिसिन मार्केट में CBN की बड़ी कार्रवाई, 20 लाख नशीली गोलियां और हजारों सिरप जब्त

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में नशे के कारोबार पर एक बार फिर से कड़ी चोट की गई है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) ने शहर के बीचोंबीच स्थित अमीनाबाद की ओल्ड मेडिसिन मार्केट में छापा मारकर करीब 20 लाख टैबलेट्स और 5700 कोडीन सिरप की बोतलें बरामद की हैं। ये सारी दवाएं नशीले पदार्थों की श्रेणी में आती हैं, जिनका इस्तेमाल आमतौर पर मेडिकल उद्देश्य की आड़ में नशे के लिए किया जाता है।

इस कार्रवाई के दौरान CBN ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया है। CBN की टीम उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

CBN को खुफिया सूचना मिली थी कि अमीनाबाद की एक पुरानी दवा मंडी में बने एक गोदाम में बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं जमा की गई हैं। इस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए जब टीम ने छापा मारा, तो वहां से 18 लाख से अधिक अल्प्राजोलम टैबलेट्स, 5700 कोडीन सिरप की शीशियां और RX श्रेणी की कई प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुईं।

बता दें कि अल्प्राजोलम और कोडीन सिरप जैसे उत्पाद साइकोट्रॉपिक ड्रग्स की श्रेणी में आते हैं और इनका उपयोग नशे के तौर पर किया जाता है। इन दवाओं की बिक्री बिना डॉक्टर की पर्ची के कानूनन प्रतिबंधित है।

बिना लाइसेंस और कागजात के किया जा रहा था भंडारण

CBN अधिकारियों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान गोदाम से कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं मिला। जांच में सामने आया है कि ये दवाएं बिना किसी वैध प्रक्रिया और दस्तावेजों के अवैध तरीके से जमा की जा रही थीं और संभवतः वितरित भी की जा रही थीं। मौके से फार्मा कंपनियों से जुड़े कई अहम दस्तावेज, स्टॉक रजिस्टर और लेन-देन की रसीदें भी जब्त की गई हैं, जिनकी जांच जारी है।

फरार आरोपी की तलाश, अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच शुरू

CBN ने यह भी आशंका जताई है कि इस पूरे रैकेट की जड़ें राज्य से बाहर तक फैली हो सकती हैं। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि यह अंतरराज्यीय नेटवर्क हो सकता है, जिसमें कई फार्मा एजेंसियों और डिस्ट्रीब्यूटरों की संलिप्तता की संभावना है। फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी चिह्नित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

NDPS और ड्रग्स ऐक्ट में केस दर्ज

इस पूरे मामले में NDPS (Narcotic Drugs and Psychotropic Substances Act) और Drugs & Cosmetics Act के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। CBN ने यह भी स्पष्ट किया है कि जो लोग इस नेटवर्क से जुड़े पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

CBN की यह कार्रवाई न सिर्फ राजधानी में बढ़ते नशे के कारोबार पर लगाम लगाने की कोशिश है, बल्कि यह भी इशारा करती है कि दवाओं की आड़ में चल रहे अवैध धंधे अब भी एक बड़ी चुनौती हैं।

Also Read: लखनऊ में ठेले वाले के साथ फिल्मी अंदाज़ में 50 हज़ार की ठगी, फर्जी पुलिस बनकर आरोपी फरार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.