Lucknow News: NIA स्पेशल कोर्ट में पेश हुआ छांगुर बाबा, ED को मिली 5 दिन की रिमांड
Sandesh Wahak Digital Desk: अवैध धर्मांतरण गिरोह के मास्टरमाइंड जलालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा पर जांच एजेंसियों का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उसे कड़ी सुरक्षा के बीच लखनऊ की स्पेशल NIA कोर्ट में पेश किया, जहां कोर्ट ने उसे 5 दिन की कस्टडी रिमांड पर भेजने की अनुमति दे दी।
ED करेगी विदेशी फंडिंग और नेटवर्क की गहन पूछताछ
ED ने कोर्ट से 7 दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन लंबी सुनवाई के बाद 5 दिन की रिमांड मंजूर हुई। अब इस दौरान ईडी छांगुर बाबा से उसके धर्मांतरण नेटवर्क, हवाला चैनल, विदेशी फंडिंग सोर्स और सहयोगियों के बारे में विस्तार से पूछताछ करेगी। सूत्रों के मुताबिक, छांगुर बाबा का नेटवर्क सिर्फ देश में नहीं, बल्कि सऊदी अरब और दुबई जैसे देशों तक फैला हुआ है। ईडी और एटीएस की संयुक्त जांच में यह मामला अब अंतरराष्ट्रीय मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क की शक्ल ले चुका है।
PMLA एक्ट के तहत चल रही है जांच
छांगुर बाबा के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत केस दर्ज है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि उसने विदेशी चंदे के जरिए बड़े स्तर पर धर्मांतरण कराने का रैकेट खड़ा किया था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस रैकेट की आड़ में भारी पैमाने पर काले धन को सफेद किया गया।
122 अवैध धार्मिक ढांचे गिराए जा चुके: DGP
उत्तर प्रदेश के DGP राजीव कृष्ण ने इस केस को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि ATS केवल सतही जांच नहीं कर रही, बल्कि इसकी फाइनेंशियल लेयर को भी खंगाला जा रहा है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर इस रैकेट में कोई सरकारी अधिकारी शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
DGP ने बताया कि अब तक 122 अवैध धार्मिक ढांचों पर बुलडोजर चलाया जा चुका है, और राज्य की सीमाओं पर भी इस नेटवर्क के प्रभाव को गंभीरता से मॉनिटर किया जा रहा है। शासन स्तर पर अब यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा माना जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
- जलालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा पर आरोप है कि उसने विदेशी फंडिंग लेकर धर्मांतरण का संगठित रैकेट चलाया।
- BJP सांसद निशिकांत दुबे और एक वकील की शिकायत पर यह मामला सामने आया।
- 2023 में PMLA एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था।
- अब ईडी उसकी मनी ट्रेल, सहयोगियों और विदेशों में जुड़े नेटवर्क पर फोकस कर रही है।
Also Read: UP News: PCS अफसरों के तबादलों का सिलसिला जारी, 9 और अधिकारियों को मिली नई तैनाती

