Lucknow News: तेज बारिश के साथ बही ठंडी बयार, मौसम ने बदल दिया पूरा मिजाज
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार की शाम मौसम ने अचानक करवट ली और भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिल गई। दोपहर बाद आसमान में अचानक काले बादल छा गए और गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। यह बारिश इतनी जबरदस्त थी कि चंद मिनटों में ही कई इलाके जलमग्न हो गए, सड़कों पर पानी भर गया और तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई।
शाम करीब 3 बजे मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे थे। थोड़ी ही देर में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रही, जिससे कई जगह पेड़ और होर्डिंग गिरने की सूचना भी मिली। इस अचानक बदले मौसम का सबसे ज्यादा असर ट्रैफिक व्यवस्था पर पड़ा।
लोहिया पथ, जियामऊ ओवरब्रिज, अलीगंज, और चारबाग जैसे इलाकों में सड़कों पर पानी भरने और वाहन चालकों के रुकने से लंबा जाम लग गया। खासतौर पर दोपहिया वाहन चालक और ऑटो सवार बारिश से बचने के लिए पुलों और ओवरब्रिज के नीचे रुक गए, जिससे पीछे से आने वाला ट्रैफिक पूरी तरह ठहर गया।
जाम से बेहाल रहे शहरवासी, ट्रैफिक पुलिस ने संभाला मोर्चा
बारिश के दौरान जियामऊ फुट ओवरब्रिज के नीचे दोपहिया और तिपहिया वाहनों की भीड़ इतनी बढ़ गई कि सड़कों पर वाहन रेंगने लगे। जलभराव और जाम से परेशान लोगों को राहत देने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट कर निकाला गया, जिससे स्थिति थोड़ी देर में सामान्य हो सकी। हालांकि बारिश थमने के बाद भी कई स्थानों पर कुछ देर तक जाम की स्थिति बनी रही और जलभराव हटने में समय लगा।
भीषण गर्मी और उमस से राहत
लखनऊ में बीते कई दिनों से लगातार गर्मी और उमस लोगों को बेहाल कर रही थी। शुक्रवार की बारिश ने न सिर्फ गर्मी को तोड़ा, बल्कि शहरवासियों को सुकून की सांस भी दी। तेज हवा और बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन का रूप ले सकता है, जिससे अगले 48 घंटों में उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना है। लखनऊ सहित यूपी के कई जिलों में अगले दो दिनों तक रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है। अनुमान के मुताबिक अधिकतम तापमान: 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान: 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
Also Read: Lucknow News: फर्जी CBI अधिकारी बनकर 56 लाख की ठगी, तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार

