Lucknow News: राहुल गांधी को धमकी पर कांग्रेस का हमला, बीजेपी प्रवक्ता के खिलाफ कार्रवाई की मांग
Lucknow News: एक राष्ट्रीय टीवी चैनल पर हुई बहस के दौरान बीजेपी प्रवक्ता पिंटू महादेव द्वारा राहुल गांधी पर विवादित टिप्पणी करने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। लद्दाख हिंसा पर चल रही चर्चा के बीच महादेव ने राहुल गांधी को लेकर कहा कि उन्हें सीने में गोली मार दी जाएगी। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और विपक्ष ने इसे सीधी धमकी करार दिया।
कांग्रेस ने जताया कड़ा विरोध
कांग्रेस पार्टी ने बीजेपी प्रवक्ता के इस बयान को न केवल राहुल गांधी पर व्यक्तिगत हमला बताया, बल्कि इसे गंभीर जानलेवा धमकी करार दिया। कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई के उपाध्यक्ष आर्यन मिश्रा ने लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली में तहरीर दी है। उन्होंने एफआईआर दर्ज करने की मांग के साथ ही राहुल गांधी की सुरक्षा बढ़ाने की अपील भी की।

लोकतंत्र के लिए खतरा – कांग्रेस
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने इस मामले पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी को जान से मारने की धमकी देना लोकतंत्र की मर्यादाओं को तार-तार करता है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह बयान न केवल राजनीति की गिरती भाषा का उदाहरण है बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए भी गंभीर खतरा है।

बीजेपी नेतृत्व से जवाब की मांग
कांग्रेस ने बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से मांग की है कि प्रवक्ता के इस गैर-जिम्मेदाराना और हिंसक बयान पर सार्वजनिक रूप से अपना रुख स्पष्ट करें और उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करें। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस तरह की बयानबाजी से लोकतांत्रिक बहस की परंपरा कमजोर होती है और समाज में गलत संदेश जाता है।
फिलहाल, इस विवाद ने सियासी हलकों में नई बहस छेड़ दी है और राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
Also Read: हरदोई में धार्मिक कार्यक्रम से लौटते समय परिवार पर टूटा कहर, सड़क हादसे में पांच की दर्दनाक मौत

