Lucknow News: फर्जी GST फर्म बनाकर की करोड़ों की ठगी, पुलिस ने दबोचे 2 आरोपी
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में GST कर चोरी से जुड़े एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। जिसमें फर्जी GST फर्म बनाकर लगभग 1 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक के फर्जी लेनदेन का खुलासा किया गया है। लखनऊ पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में इस गिरोह से जुड़े दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और एक डेल कंपनी का लैपटॉप भी बरामद किया गया है।
गरीबों के दस्तावेज से बनाई जाती थीं फर्में
जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य गरीब और जरूरतमंद लोगों को 10 से 15 हजार रुपये का लालच देकर उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाता और मोबाइल नंबर जैसे दस्तावेज हासिल करते थे। इसके बाद फर्जी किरायानामा और बिजली के बिल तैयार कर GST फर्म का पंजीकरण कराया जाता था। इन फर्जी फर्मों के जरिए बड़े पैमाने पर बोगस इनपुट टैक्स क्रेडिट बेचकर GST कर चोरी की जाती थी।
फर्जी इनवॉइस के जरिए खेल
गिरोह के सदस्य फर्जी इनवॉइस, ई-वे बिल और बिजली के बिल तैयार करते थे और अवैध कमीशन लेकर ITC बेचने का काम करते थे। फर्जी ई-वे बिल तैयार कर लेनदेन को वैध दिखाया जाता था, जिससे करोड़ों रुपये के बोगस लेनदेन को सही साबित किया जा सके। इस तरह से सुनियोजित तरीके से कर चोरी का खेल चलाया जा रहा था।
शिकायत के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
इस मामले में 28 अगस्त 2025 को राज्य कर खंड-18 लखनऊ के सहायक आयुक्त जीएसटी ऑडिट अनुभाग नरेश वर्मा की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में रामकली एंटरप्राइजेज नाम की फर्म के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी, जिसका घोषित व्यापार स्थल 86 इब्राहिमपुर माल लखनऊ बताया गया था। जांच में यह फर्म अस्तित्वहीन और फर्जी पाई गई। आरोप था कि इस फर्म के माध्यम से अवैध तरीके से इनवॉइस जारी कर अनधिकृत ITC क्लेम किया गया और राजस्व को नुकसान पहुंचाया गया। इस संबंध में थाना माल कमिश्नरेट लखनऊ में मुकदमा संख्या 216/25 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3) और 340(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।
साइबर और पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई
मामले की जांच के दौरान थाना माल पुलिस और साइबर क्राइम पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में सीतापुर जिले के बिसवां थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी 43 वर्षीय चुंगा खां और लखनऊ के बांसमंडी क्षेत्र के नई बस्ती निवासी 32 वर्षीय सलमान रहमानी शामिल हैं।
आरोपियों से मोबाइल और लैपटॉप बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें वीवो, वन प्लस और आईफोन शामिल हैं। इसके अलावा एक डेल इंस्पिरॉन 14 इंच का काले रंग का लैपटॉप भी बरामद किया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Also Read: Delhi University में Protest बैन को लेकर Delhi High Court की सख्त टिप्पड़ी

