Lucknow News: नगर निगम के समाधान दिवस में उमड़ी भीड़, गलत टैक्स से लोग परेशान

Lucknow News: नगर निगम मुख्यालय में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जहां मेयर सुषमा खर्कवाल ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं। हाउस टैक्स, सीवर और पानी से जुड़ी शिकायतें लेकर सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे। मेयर ने अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

7.32 लाख का टैक्स नोटिस भेजा गया

इस्माइलगंज के हिफजुर्रहमान ने बताया कि उन्होंने पिछले साल 15 हजार रुपये हाउस टैक्स जमा किया था, जबकि इस साल उनके भाई का टैक्स भी 16 हजार ही आया है। इसके बावजूद उन्हें 7.32 लाख रुपये से अधिक का टैक्स और कुर्की का नोटिस भेजा गया। उन्होंने कहा कि इस मामले में वह 10 से ज्यादा बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। मेयर ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी से रिपोर्ट मांगी है।

Lucknow News

“स्मार्ट सिटी ऐसे बनेगा कैसे?”

चिनहट वार्ड प्रथम के निवासी मुक्ता चरण गुप्ता ने टूटी हुई नालियों की समस्या उठाई। उन्होंने कहा कि कई बार समाधान दिवस में आने के बावजूद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। गुप्ता ने सवाल किया, “अगर कोई गिरकर घायल हो जाए तो जिम्मेदारी कौन लेगा? ऐसे में स्मार्ट सिटी कैसे बनेगा?”

फैजुल्लागंज के हिमांशु गुप्ता ने इलाके में पिछले 5 महीने से हो रहे जलभराव की शिकायत की। उन्होंने बताया कि सीवर के गंदे पानी से सड़कें डूबी रहती हैं। बार-बार आश्वासन के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

समाधान दिवस पर मेयर ने मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का जल्द से जल्द निपटारा किया जाए। इस दौरान अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, चीफ टैक्स ऑफिसर अशोक कुमार सिंह समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

Also Read: बीएसपी नेता अशोक सिद्धार्थ ने सार्वजनिक रूप से मायावती से मांगी माफी, पार्टी में वापसी की गुहार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.