Lucknow News: केले के पौधों के नाम पर करोड़ों की साइबर ठगी, चार शातिर ठग गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश पुलिस की साइबर सेल और गोसाईगंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी साइबर ठगी का खुलासा हुआ है।
महाराष्ट्र और कर्नाटक से जुड़े चार अंतरराज्यीय साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया है, जो सोशल मीडिया पर फर्जी फर्म बनाकर लोगों से धोखाधड़ी करते थे।
कैसे करते थे ठगी?
गिरफ्तार आरोपियों ने फेसबुक पर ‘Bioplants’ जैसे नामों से फर्जी पेज बनाकर किसानों को झांसे में लिया। ये लोग उन्नत किस्म के केले के पौधे सस्ते दामों में बेचने का झांसा देकर फर्जी सर्टिफिकेट और दस्तावेज शेयर करते थे और फिर बैंक खातों में मोटी रकम ट्रांसफर करवा लेते थे।
एक किसान से 29 लाख रुपये की ठगी
गोसाईगंज निवासी किसान अवधेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनसे 29.25 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई। फेसबुक पर एक फर्जी पेज के जरिए संपर्क कर उन्हें भरोसे में लिया गया और पैसे ट्रांसफर करा लिए गए। शिकायत पर केस दर्ज हुआ और जांच शुरू की गई।
ठगों की गिरफ्तारी और बरामद सामान
पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के सांगली और कर्नाटक के विजयपुरा (बीजापुर) से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके पास से 6 मोबाइल फोन और 2 एटीएम कार्ड बरामद किए गए। साथ ही इन आरोपियों के खातों में जमा 4 लाख रुपये भी फ्रीज कर दिए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
-बाबूराव संभाजी माली – सांगली, महाराष्ट्र
-कल्लाप्या पट्टादमथ – विजयपुरा, कर्नाटक
-मोहम्मद रफीक गनीसाब तम्बोली – विजयपुरा, कर्नाटक
-बलप्पा भीमप्पा बांदीवादर – विजयपुरा, कर्नाटक
फर्जी पेजों के नाम
-Bioplants
-Shivbioplants
-Anand Shivkumar
-Sai Nursery
इन पेजों के जरिए देशभर के किसानों को निशाना बनाया जाता था।
पुलिस टीम को सफलता
गोसाईगंज थाने और साइबर सेल की संयुक्त टीम की यह एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। अभी इन आरोपियों से पूछताछ जारी है और इनके अन्य नेटवर्क की तलाश की जा रही है।
उत्तर प्रदेश पुलिस ने फिर साबित किया है कि साइबर अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है — चाहे वो देश के किसी भी कोने में क्यों न हों।
Also Read: एक ही परिवार के तीन लोगों के शव बरामद, पुलिस को सामूहिक आत्महत्या का शक

