Lucknow News: डिप्टी CM ब्रजेश पाठक के स्टाफ पर जानलेवा हमला, हमलावरों ने रॉड से पीटकर किया लहूलुहान
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के कार्यालय में तैनात कर्मचारी रवींद्र शुक्ला पर जानलेवा हमला हुआ है। गोमतीनगर विस्तार में उनकी कार को टक्कर मारने के बाद, कथित तौर पर नशे में धुत आरोपी और उसके बेटों ने लोहे की रॉड से रवींद्र शुक्ला की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस दौरान उनकी बेटी के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की गई।
टक्कर के बाद पीछा करने पर हुआ हमला
यह घटना 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र में हुई। जब रवींद्र शुक्ला अपनी कार से परिवार के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार (UP 53 BC 2298) ने उनकी कार को टक्कर मार दी। जब रवींद्र शुक्ला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी चालक ने उन्हें धमकी देते हुए कहा, “आगे चलकर हिसाब कर लेंगे।” इसके बाद आरोपी कार लेकर भाग गया, जिसका पीछा करते हुए रवींद्र शुक्ला उसके घर कौशलपुरी, खरगापुर पहुंच गए।
रॉड से किया सिर पर वार
रवींद्र शुक्ला का आरोप है कि उनके घर पहुंचते ही कार चालक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। थोड़ी देर में आरोपी के दो बेटे भी बाहर आ गए और मारपीट करने लगे। इसके बाद आरोपी घर के अंदर से लोहे की रॉड लेकर आया और रवींद्र शुक्ला के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर ज़मीन पर गिर पड़े। रवींद्र शुक्ला ने आरोप लगाया कि आरोपी और उसके बेटों ने उनकी बेटी के साथ भी धक्का-मुक्की और अभद्रता की।
सिविल अस्पताल में चल रहा इलाज, पुलिस जांच में जुटी
हमले के बाद स्थानीय लोगों ने घायल रवींद्र शुक्ला को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। रवींद्र शुक्ला ने गोमतीनगर विस्तार थाने में लिखित तहरीर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में जांच जारी है और विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: आगरा में बड़ा हादसा: दुर्गा विसर्जन के दौरान नदी में 12 लोग डूबे, 3 शव बरामद; गांव में मातम

