Lucknow: मंडलायुक्त ने सौमित्र वन और झूलेलाल वाटिका का किया औचक निरीक्षण, दिए ये निर्देश

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने बुधवार को सौमित्र वन, भीखमपुर और झूलेलाल वाटिका का अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इन स्थानों को और अधिक आकर्षक व जनोपयोगी बनाने के लिए कई जरूरी निर्देश अधिकारियों को दिए।

डॉ. जैकब ने सौमित्र वन का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिया कि पार्क के किनारे खाली पड़ी जमीन पर मिट्टी भराई (फीलिंग) कराई जाए और वहां पाथवे के साथ पौधारोपण किया जाए, ताकि पूरे क्षेत्र में एकरूपता बनी रहे।

उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि सौमित्र वन में कैफेटेरिया ज़ोन, बच्चों के खेलने की जगह (प्ले किट एरिया) और ओपन जिम जैसी सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द विकसित की जाएं। साथ ही, पार्क में प्रचार-प्रसार हेतु डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएं, जिससे राजस्व अर्जन (रेवेन्यू जेनरेशन) भी हो सके।

भीखमपुर में वॉकवे और वृक्षारोपण की योजना

मंडलायुक्त ने लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) को निर्देशित किया कि भीखमपुर क्षेत्र में वृक्षारोपण और वॉकवे का निर्माण सुनिश्चित किया जाए। इसका उद्देश्य आम जनता को प्रकृति से जुड़ने का बेहतर अवसर देना और क्षेत्र की हरियाली को बढ़ावा देना है। निरीक्षण के दौरान डॉ. जैकब ने यह भी जानकारी दी कि अगले सप्ताह से नगर निगम द्वारा शक्ति वन में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान शुरू किया जाएगा।

निरीक्षण के अंतिम पड़ाव पर मंडलायुक्त झूलेलाल वाटिका पहुंचे और वहां की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वाटिका में बेंच, पाथवे, लाइटिंग, रैंप और पौधारोपण जैसे कार्यों के लिए सुव्यवस्थित कार्य योजना तैयार की जाए।

गोमती रिवर फ्रंट का ड्रोन सर्वे कराने के निर्देश

डॉ. जैकब ने संबंधित विभागों को गोमती रिवर फ्रंट का स्टडी कराकर पूरे क्षेत्र का ड्रोन सर्वे जल्द से जल्द पूरा कराने को भी कहा, जिससे विकास कार्यों में और पारदर्शिता लाई जा सके। इस मौके पर लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार, मुख्य अभियंता नवनीत शर्मा समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

Also Read: UP News: सरकारी कर्मचारियों को मिला बड़ा तोहफा, महिलाओं को संपत्ति खरीद पर स्टाम्प ड्यूटी में मिलेगी…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.