Lucknow News: मंडलायुक्त ने किया पॉल मर्सी होम का निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Sandesh Wahak Digital Desk: मंडलायुक्त डॉ. रोशन जैकब ने शुक्रवार को वृंदावन कॉलोनी स्थित पॉल मर्सी होम का औचक निरीक्षण किया। यह संस्थान मानसिक रूप से मंदित दिव्यांगजनों के लिए आश्रय गृह है, जिसे एक स्वैच्छिक संस्था द्वारा संचालित किया जाता है और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग से अनुदानित है।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने संस्था में रहने वाले सभी 35 संवासियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनकी देखभाल, दैनिक सुविधाओं, कर्मचारियों के व्यवहार और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। वहीं संस्था में कार्यरत 14 में से सभी कर्मचारी भी उपस्थित पाए गए।

स्थान की कमी, स्वास्थ्य सेवाएं और आधार से जुड़ी समस्याओं पर चिंता

निरीक्षण के दौरान संस्था द्वारा मंडलायुक्त को यह अवगत कराया गया कि परिसर में संवासियों के लिए शारीरिक गतिविधियों और एक्सरसाइज हेतु पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं है। इस पर डॉ. जैकब ने आश्वासन दिया कि इस आश्रय गृह के लिए वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था के लिए नगर निगम या लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) से समन्वय किया जाएगा।

साथ ही, उन्होंने निर्देश दिए कि सभी संवासियों का नियमित चिकित्सकीय परीक्षण मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए, ताकि समय पर बीमारी की पहचान और इलाज हो सके।

निवास प्रमाण पत्र और आधार कार्ड बनाने के निर्देश

संस्था ने यह भी बताया कि कई संवासियों का निवास प्रमाण पत्र न होने के कारण आधार कार्ड बनवाने में दिक्कत आ रही है। इस पर मंडलायुक्त ने संस्था के कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे संबंधित उपजिलाधिकारी (SDM) के समक्ष निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करें, जिससे आधार पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

दिव्यांगों के बनाए उत्पादों को मिलेगा बाजार से जुड़ाव

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने वहां चल रहे व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत बनाए गए उत्पादों का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन उत्पादों को बाजार से जोड़ने और बिक्री के माध्यम से संस्था की आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

डॉ. जैकब ने यह भी सुझाव दिया कि लखनऊ में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित सभी मानसिक मंदित आश्रय गृहों को, महिला कल्याण विभाग की तर्ज पर, एक समर्पित अस्पताल से जोड़ा जाना चाहिए ताकि संवासियों को बेहतर और निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

इस मौके पर लखनऊ मंडल के उपनिदेशक (दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग) राजेश मिश्र और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी शशांक सिंह भी उपस्थित रहे।

Also Read: Lucknow News: फर्जी CBI अधिकारी बनकर 56 लाख की ठगी, तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.