Lucknow News: गोमतीनगर में दोहरे हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोहरे हत्याकांड का खुलासा किया है, जिसमें दो लोगों की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल को वादिनी वंदना कुमारी निवासी कैसरगंज, बहराइच ने थाना गोमतीनगर में एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उनके पति राम सवोर की हत्या और एक अन्य व्यक्ति राकेश के घायल होने की सूचना दी गई थी। इस सूचना के आधार पर मु0अ0सं0-166/2025 धारा- 103(1)/109(1) बी0एन0एस0 थाना गोमतीनगर में दर्ज किया गया और विवेचना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार त्रिपाठी को सौंपी गई।

विरामखंड में मिला था अज्ञात शव

इसी क्रम में रविवार (20.04.2025) को थाना गोमतीनगर पुलिस को सूचना मिली कि विरामखण्ड में एक अज्ञात शव और एक घायल व्यक्ति मिले हैं। तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान राम सवोर पुत्र जोधे निवासी कैसरगंज के रूप में हुई, जबकि दूसरे व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। घटना के खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और अन्य साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना के आधार पर आज दिनांक 21.04.2025 को रेलवे ट्रैक गोमतीनगर विस्तार के पास झाड़ियों से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामदेव उर्फ महादेव पुत्र रामप्रताप (उम्र 40 वर्ष), शिवराज उर्फ शिवा पुत्र धनराज (उम्र 19 वर्ष) और मोहित कुमार पुत्र ललई उर्फ लाला (उम्र 19 वर्ष) के रूप में हुई है।

बोतल में मिला काले रंग का तरल पदार्थ

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार (एक बैट, एक डंडा), रस्सी, बेल्ट और एक प्लास्टिक की बोतल में काला रंग का तरल पदार्थ बरामद किया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक राम सवोर और अज्ञात राकेश शराब के नशे में रात में उनके घर में चोरी करने की नीयत से घुसे थे। चोरी का आभास होने पर उन्होंने दोनों को पकड़कर मारपीट की। मारपीट के बाद आरोपियों ने मृतकों के पूरे शरीर पर काले पेंट से “420” लिखकर उन्हें गंभीर अवस्था में रेलवे ट्रैक विरामखण्ड गोमतीनगर के पास झाड़ियों में फेंक दिया। सुबह राहगीरों द्वारा 112 पर सूचना दिए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई कर रही है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

अभियुक्तों के पास से बरामदगी

  • आलाकत्ल (एक बैट, एक डंडा)
  • रस्सी व बेल्ट
  • प्लास्टिक की एक बोतल में काला रंग का तरल पदार्थ

Also Read: Bareilly: जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने दिए निर्दश, कहा- शिकायतों का प्राथमिकता से करें समाधान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.