Lucknow News: रियल एस्टेट कंपनी रोहतास पर ED का शिकंजा, 8 ठिकानों पर छापेमारी
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में रियल एस्टेट कंपनी रोहतास प्रोजेक्ट्स लिमिटेड की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कंपनी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को लखनऊ में 6 और दिल्ली में 2 जगहों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई उन 87 मुकदमों के आधार पर की गई है, जो खरीदारों ने कंपनी के खिलाफ दर्ज कराए थे।
क्या है पूरा मामला?
रोहतास प्रोजेक्ट्स पर खरीदारों के साथ धोखाधड़ी का आरोप है। साल 2021 में पहली एफआईआर दर्ज हुई थी और अब ऐसे मुकदमों की संख्या बढ़कर 87 हो गई है। यूपी रेरा (UP RERA) के एक ऑडिट में खुलासा हुआ है कि कंपनी ने 248 करोड़ रुपये का घोटाला किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कंपनी के प्रमोटर पीयूष रस्तोगी, परेश रस्तोगी और दीपक रस्तोगी पिछले चार सालों से फरार हैं। ईडी अब छापेमारी के दौरान वित्तीय लेनदेन, संपत्ति के दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जुटा रही है, ताकि उनकी संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई की जा सके।
पहले क्यों नहीं हुई थी कार्रवाई?
ईडी का कहना है कि पहले साक्ष्य की कमी के कारण प्रमोटरों की संपत्ति जब्त नहीं की जा सकी थी। लेकिन अब जो नए सबूत जुटाए जा रहे हैं, उनके आधार पर जल्द ही कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। ईडी की यह कार्रवाई उन हजारों लोगों के लिए राहत की उम्मीद लेकर आई है, जिन्होंने रोहतास प्रोजेक्ट्स में अपने घर और दुकानों में पैसा लगाया था।
Also Read: Lucknow News: अलीगंज CHC में मचा बवाल, नर्स के बेटे ने सीनियर डॉक्टर को जड़े थप्पड़

