Lucknow News: कांग्रेस नेता के घर छापा, पकड़ी गई बिजली चोरी, दर्ज होगी एफआईआर
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के हुसैनाबाद क्षेत्र में सोमवार सुबह बिजली चोरी के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। अखिल भारतीय शिया यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अरफ़त आलम के आवास पर बिजली चोरी पकड़ी गई है। बिजली विभाग की टीम ने सुबह 5:30 बजे छापा मारकर यह कार्रवाई की। इस मामले में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है।
मुख्य अभियंता रवि अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शिया नेता अरफ़त आलम के घर में मीटर से पहले सर्विस केबल को काटकर उसमें अतिरिक्त तार जोड़कर बिजली चोरी की जा रही थी। इस दौरान मीटर पर कम खपत दर्ज हो रही थी, जबकि वास्तविक लोड काफी अधिक पाया गया।

टीम ने मौके पर की जांच
यह कार्रवाई अधीक्षण अभियंता रमेश चंद पांडेय के नेतृत्व में की गई। टीम में अधिशासी अभियंता चौक रमन और एसडीओ उपदेश अग्निहोत्री भी शामिल थे। छापेमारी के दौरान सुरैया मंजिल इलाके में अरफ़त आलम के घर में बिजली चोरी का यह मामला सामने आया।
अधीक्षण अभियंता रमेश चंद पांडेय ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। यह देखा जा रहा है कि शिया नेता के घर में कितने किलोवाट का बिजली कनेक्शन था और चोरी के दौरान कितने लोड की बिजली का उपयोग हो रहा था। रिपोर्ट तैयार करने के बाद पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
बिजली विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। बिजली चोरी से न केवल विभाग को आर्थिक नुकसान होता है, बल्कि यह एक गंभीर अपराध भी है।
Also Read: मायावती के जन्मदिन पर ‘मिशन 2027’ की शुरुआत करेगी BSP, खोई सियासी जमीन वापस पाने की कवायद

