Lucknow News: पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, पराली की चिंगारी से लगी आग
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। थाना नगराम क्षेत्र में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कई जोरदार धमाकों की आवाज़ ने आसपास के गांवों तक दहशत फैला दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
खेतों के बीच बनी फैक्ट्री में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, नगराम क्षेत्र के छतौनी रोड पर खेतों के बीच स्थित पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के बाद विस्फोट हुआ। जिस फैक्ट्री में हादसा हुआ, वह इशरत अली नाम के व्यक्ति की बताई जा रही है। उनके पास पटाखों के भंडारण और निर्माण का वैध लाइसेंस है, जो वर्ष 2027 तक मान्य है।
फैक्ट्री रिहायशी इलाके से दूर खेतों के बीच बनी हुई थी, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। बताया जा रहा है कि आस-पास के खेतों में पराली जलाने के दौरान उठी चिंगारी फैक्ट्री परिसर तक पहुंच गई, जिसके चलते वहां रखे पटाखों में आग लग गई। कुछ ही देर में आग इतनी तेज़ हो गई कि गोदाम में धमाके होने लगे और पूरा परिसर धुएं से भर गया।

फैक्ट्री में नहीं था कोई कर्मचारी
वहीं सौभाग्य से हादसे के समय फैक्ट्री में कोई मजदूर या कर्मचारी मौजूद नहीं था। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया। दक्षिणी क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया।
अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह मामला पराली की चिंगारी से हुआ हादसा प्रतीत होता है। फैक्ट्री में किसी प्रकार की लापरवाही के सबूत अब तक नहीं मिले हैं, फिर भी पुलिस जांच जारी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी दिखाई तत्परता
वहीं घटना के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर पहले खेतों में लगी पराली की आग को नियंत्रित किया ताकि आग और न फैल सके। इसके बाद दमकल विभाग ने मुख्य गोदाम की आग बुझाई। प्रशासन ने राहत की सांस ली कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को टाला जा सके।
Also Read: जेमिनी पर निजी डाटा ट्रैक करने का आरोप, कोर्ट ने भेजा नोटिस

