Lucknow News: यूपी में नकली दवाओं पर लगेगी लगाम, हर जिले में होंगे जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में नकली और गुणवत्ताविहीन दवाओं पर सख्ती के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। अब प्रदेश के हर जिले में जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी का नया पद सृजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को इस प्रस्ताव को मंजूरी दी, ताकि दवाओं की जांच का दायरा बढ़ाया जा सके और स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
13 जिलों में नहीं है निरीक्षक
दरअसल प्रदेश में नकली दवाओं की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। वर्तमान में औषधि निरीक्षकों की संख्या पर्याप्त नहीं है और 13 जिलों में निरीक्षक ही नहीं हैं। कई निरीक्षक एक साथ दो जिलों की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के औषधि नियंत्रण संवर्ग का पुनर्गठन किया जाएगा।
बढ़ेगी पदों की संख्या
साथ ही इस नए ढांचे के तहत हर जिले में नियुक्त जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी औषधि निरीक्षकों की निगरानी करेंगे। इसके अलावा, उपायुक्त (औषधि) के पदों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। वर्तमान में विभाग में 109 औषधि निरीक्षक हैं, जिनमें 32 पद खाली हैं। अब इन पदों को दोगुना किया जाएगा और उप आयुक्त से पदोन्नति पाने वाले संयुक्त आयुक्त (औषधि) के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। वहीं माना जा रहा है कि इस पहल से नकली दवाओं की बिक्री पर कड़ी लगाम लगेगी और स्वास्थ्य सुरक्षा के मानकों को मजबूत किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि यह व्यवस्था जल्द प्रभावी रूप से लागू की जाए।

