Lucknow News: सनतकदा महोत्सव में आग से हड़कंप, कई दुकानें जलकर राख

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ के कैसरबाग स्थित बारादरी परिसर में सोमवार दोपहर महिंद्रा सनतकदा लखनऊ महोत्सव 2025 के दौरान भीषण आग लग गई। आग लगते ही मेले में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।

मिली जानकारी के अनुसार, आग मेले में लगे खाने-पीने के स्टॉल के पास से शुरू हुई, जो तेजी से फैलते हुए आसपास की अन्य दुकानों तक पहुंच गई। इस घटना में कई दुकानें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं।

आग की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य में जुट गईं। आग पर नियंत्रण पाने के लिए दमकलकर्मी कड़ी मशक्कत कर रहे हैं। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने बारादरी की ओर जाने वाले मार्ग को पूरी तरह से बंद कर दिया है।

गौरतलब है कि कैसरबाग स्थित बारादरी परिसर में 31 जनवरी से महिंद्रा सनतकदा लखनऊ महोत्सव 2025 का आयोजन हो रहा था, जो 4 फरवरी तक चलने वाला था। सोमवार को लगी इस आग से मेले में मौजूद दुकानदारों और आगंतुकों में हड़कंप मच गया।  फिलहाल, प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है और स्थिति को सामान्य करने के प्रयास में जुटा हुआ है।

Also Read: Milkipur By Election: प्रचार के अंतिम दिन मिल्कीपुर पहुंचे अखिलेश यादव, बीजेपी पर…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.