Lucknow News: मकान में लगी आग से मचा हड़कंप, 2 घंटे की मशक्कत के बाद बुझी लपटें
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर विशेषखंड इलाके में गुरुवार सुबह एक मकान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से भड़की कि मकान के पहले और दूसरे तल को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में घरेलू सामान जलकर राख हो गया, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
सुबह-सुबह मची दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना सुबह करीब साढ़े 6 बजे की है। मकान में रहने वाली बीना अग्रवाल अपने परिवार के साथ मौजूद थीं। आग लगते ही इलाके में दहशत फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पाकर विभूतिखंड थाना पुलिस और गोमतीनगर फायर स्टेशन की टीम भी पहुंच गई।
दमकल की कड़ी मशक्कत
एफएसओ गोमतीनगर के नेतृत्व में पहुंचे दो फायर टेंडर ने तुरंत हौज लाइन बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फायर ब्रिगेड की तत्परता से आसपास के मकानों को भी बचा लिया गया।
फिलहाल आग लगने के सही कारण का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
Also Read: भारत को मिली बड़ी कामयाबी, ट्रेन आधारित अग्नि-प्राइम मिसाइल का सफल परीक्षण

