Lucknow News: रुपयों के लेनदेन को लेकर प्रॉपर्टी डीलरों के बीच फायरिंग, पुलिस ने दर्ज किया मामला
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के चिनहट इलाके में पुलिस की सख्ती के बावजूद अपराधियों में कानून का कोई डर नजर नहीं आ रहा है। बुधवार देर रात पैसों के लेनदेन को लेकर दो प्रॉपर्टी डीलरों के बीच जमकर विवाद हुआ। बाद में यह विवाद हवाई फायरिंग में तब्दील हो गया।
जानकारी के अनुसार, विकासनगर निवासी प्रॉपर्टी डीलर पंकज वर्मा और बाराबंकी निवासी प्रॉपर्टी डीलर मुख्तार एक-दूसरे से पहले से परिचित थे। बुधवार रात पंकज वर्मा अपनी गौशाला की देख-रेख के लिए चिनहट के धावा गांव पहुंचे थे। उसी समय मुख्तार अपने कुछ साथियों के साथ रुपयों के लेनदेन के सिलसिले में उनसे बातचीत करने पहुंचे।
हालाँकि, दोनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और यह कहासुनी इतनी बढ़ी कि मुख्तार और उनके साथियों ने पंकज वर्मा पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पंकज वर्मा और उनके साथी जान बचाकर मौके से भाग निकले, जबकि फायरिंग करने वाले मुख्तार और उनके साथी घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
चिनहट थाने के इंस्पेक्टर भरत पाठक ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुँची, लेकिन तब तक दोनों पक्ष वहां से फरार हो चुके थे। बाद में पंकज वर्मा वापस लौटे और थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मुख्तार और उनके साथियों की तलाश कर रही है। पुलिस ने मौके से एक खोखा भी बरामद किया है। यह पूरा विवाद रुपयों के लेनदेन को लेकर हुआ था। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Also Read: Lucknow: पॉलीटेक्निक चौराहे पर स्कूटी में लगी भीषण आग, हादसे में बाल-बाल बची महिला

