Lucknow News: यूनिवर्सिटी की पूर्व छात्रा ने अपने ही क्लासमेट पर शोषण, उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग का लगाया आरोप

Lucknow News: राजधानी के चिनहट थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एमिटी यूनिवर्सिटी की पूर्व छात्रा ने अपने ही क्लासमेट पर शोषण, उत्पीड़न, ब्लैकमेलिंग और डिजिटल निजता भंग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपी न केवल उसकी निजी जानकारियां चुराता रहा बल्कि उन्हें हथियार बनाकर मानसिक और सामाजिक रूप से उसे तोड़ने की कोशिश करता रहा।

पैसों की डिमांड शुरू कर दी

युवती ने बताया कि पढ़ाई के दौरान उसकी दोस्ती आरोपी राज गौरव यादव से हुई थी। धीरे-धीरे आरोपी ने उस पर भरोसा जमाकर उसकी निजी तस्वीरें खींचीं और पैसों की डिमांड शुरू कर दी। यहां तक कि उसने पीड़िता के बैंक अकाउंट और मोबाइल फोन तक कब्जा कर लिया।

युवती का आरोप है कि आरोपी लगातार उसकी निजी जिंदगी में दखल देता था। वह उसे यह तय करने तक दबाव डालता कि वह किससे मिले और क्या पहने। विरोध करने पर वह उसे सार्वजनिक रूप से अपमानित करता और मारपीट भी करता। एक बार तो आरोपी ने सीसीटीवी फुटेज तक हासिल कर उससे हाथापाई की।

युवक फोन और ईमेल पर परेशान करता है

मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब आरोपी ने युवती की गोपनीय गर्भावस्था संबंधी मेडिकल रिपोर्ट उसकी डिजिटल जानकारी से निकालकर परिवार वालों को भेज दी। इसके बाद उसने झूठी अफवाह फैलाई कि पीड़िता ने गर्भपात कराया है।

पीड़िता का कहना है कि आरोपी अलग-अलग फोन नंबर और ईमेल आईडी से धमकी भरे कॉल और मैसेज करता है और कहता है कि वह उसे लखनऊ में जीने नहीं देगा। इस पूरे घटनाक्रम से युवती पूरी तरह मानसिक आघात में है।

पीड़िता की तहरीर पर चिनहट पुलिस ने आरोपी राज गौरव यादव, उसके पिता बलराम यादव और मां आरती कुमारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और साइबर एंगल समेत हर पहलू की छानबीन की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Also Read: GST कटौती का फायदा सीधे ग्राहकों तक पहुंचे, सरकार ने कंपनियों को जारी किए निर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.