Lucknow News: नौकरी के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी, बलरामपुर अस्पताल के डॉक्टर पर FIR दर्ज
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल के एक डॉक्टर पर नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी और विरोध करने पर महिला से मारपीट का गंभीर आरोप लगा है। पारा थाना क्षेत्र की एक महिला ने हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नर नारायण उपाध्याय के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि डॉक्टर ने मेडिकल विभाग में बाबू की नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे 10 लाख रुपए लिए, लेकिन न तो नौकरी दिलाई और न ही पैसे वापस किए।
ठगी और मारपीट की पूरी कहानी
पारा निवासी मधु शुक्ला ने पुलिस को बताया कि नवंबर 2020 में इलाज के दौरान उनकी मुलाकात डॉ. नर नारायण उपाध्याय से हुई थी। जब उन्होंने डॉक्टर को अपनी बेरोजगारी के बारे में बताया, तो डॉक्टर ने अपने ऊँचे संपर्कों का हवाला देकर उन्हें मेडिकल विभाग में बाबू की नौकरी दिलाने का वादा किया। इसके लिए उन्होंने 10 लाख रुपए की मांग की।
मधु शुक्ला ने अपने रिश्तेदारों से उधार लेकर दिसंबर 2021 से किश्तों में डॉक्टर की पत्नी के बैंक खाते में पैसे जमा किए और बाकी 7.10 लाख रुपए नकद दिए। जब महिला ने नौकरी के बारे में पूछा तो डॉक्टर टालमटोल करने लगे। 8 जून को जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे तो डॉक्टर ने उसे एक सुनसान जगह पर बुलाया, जहाँ उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। महिला के शोर मचाने पर डॉक्टर वहाँ से भाग गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस ने डॉक्टर के खिलाफ ठगी और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। पीड़िता और उसके परिवार को किसी अनहोनी का डर सता रहा है। पुलिस डॉक्टर के बैंक लेन-देन की जाँच कर रही है और यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या डॉक्टर ने किसी और के साथ भी इसी तरह की ठगी की है। इस घटना के बाद मेडिकल विभाग में भ्रष्टाचार और फर्जी संपर्कों के आधार पर हो रही वसूली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
Also Read: यूपी में बाढ़ और बारिश का कहर जारी, इन 17 जिलों में आज बारिश का रेड अलर्ट

