Lucknow News: फर्जी SOG बनकर ठगी करने वाला गैंग गिरफ्तार, नकली नोटों की गड्डी और तमंचा बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: निवेश के नाम पर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। खुद को स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) का सदस्य बताकर लोगों से ठगी करने वाले इस गिरोह के चार सदस्यों को लखनऊ पुलिस की क्राइम टीम और गोमतीनगर थाने की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से नकदी, बड़ी मात्रा में नकली नोटों की गड्डियां, फर्जी पुलिस आईकार्ड और एक अवैध देशी तमंचा बरामद किया है।

कैसे हुआ खुलासा?

पीड़ित राजकुमार, निवासी प्रयागराज ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने उन्हें पैसा दोगुना करने का झांसा देकर लाखों रुपये ठग लिए। आरोपियों ने खुद को पुलिस क्राइम ब्रांच से जुड़ा बताया और निवेश के नाम पर रकम हड़प ली। इस मामले में गोमतीनगर थाने में एफआईआर संख्या 300/2025 धारा 316(2)/318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच अधिकारी आनंद कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 17 जुलाई की रात करीब 11:15 बजे विनीत खंड, IILM रोड के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी और उनकी पहचान

  • विशाल कुमार, निवासी खुर्दई बाजार, गोसाईंगंज, लखनऊ
  • रामबहादुर, निवासी दुहरा, खलीलाबाद, संत कबीर नगर
  • रामप्रसाद, निवासी हरदीडाली, नौतनवा, महाराजगंज
  • अंजनी कुमार, निवासी समस्तीपुर, बिहार

गिरफ्तारी के दौरान बरामद सामग्री

  • 30 गड्डियां नकली “CHILDREN BANK” नोटों की (500-500 के आकार में)
  • 8 गड्डियां जिनमें ऊपर असली ₹500 का नोट और नीचे नकली नोट
  • ₹30,000 नकद (500-500 के कुल 60 नोट)
  • एक अवैध देशी तमंचा (315 बोर) और एक जिंदा कारतूस
  • फर्जी पुलिस पहचान पत्र (ID Card)
  • अलग-अलग आरोपियों से हुई बरामदगी
  • विशाल कुमार की जेब से ₹6,000 नकद
  • रामबहादुर की जेब से ₹10,000 नकद और एक अवैध तमंचा व जिंदा कारतूस
  • रामप्रसाद के पास से ₹9,000 नकद
  • अंजनी कुमार के पास से ₹5,000 नकद

कानूनी धाराएं और आगे की कार्रवाई

चारों आरोपियों पर धोखाधड़ी, सरकारी पद का झूठा दावा करने और जालसाजी की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। रामबहादुर के पास से हथियार मिलने पर आर्म्स एक्ट की धारा भी जोड़ी गई है। अभियुक्तों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। अंजनी कुमार के खिलाफ पहले से ही अयोध्या जनपद के रौनही थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।

Also Read: Lucknow News: ओल्ड मेडिसिन मार्केट में CBN की बड़ी कार्रवाई, 20 लाख नशीली गोलियां और…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.