Lucknow News: मोहनलालगंज में गैंगेस्टरों की लाखों की संपत्ति कुर्क, काली कमाई से बनाई थी संपत्ति
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में अपराधियों के लिए अब संभलने का वक्त खत्म हो चुका है। पुलिस कमिश्नर के सख्त निर्देशों के बाद, मोहनलालगंज पुलिस ने लूट और चोरी जैसे अपराधों के जरिए काली कमाई करने वाले दो गैंगेस्टरों पर बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने मंगलवार को दीपक यादव और विमल नाम के दो आरोपियों की गाड़ियों को सरकारी कब्जे में ले लिया।
कौन हैं ये अपराधी और क्या है पूरा मामला?
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई थी कि दीपक यादव (निवासी रहीमाबाद, बिजनौर) और विमल (निवासी कुरौनी, बंथरा) ने मिलकर एक संगठित गिरोह बना रखा था। यह गैंग शहर में लूट और चोरी जैसी संगीन वारदातों को अंजाम देकर पैसा इकट्ठा कर रहा था। इन दोनों पर पहले से ही गैंगेस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज था।
गैंगेस्टर एक्ट की धारा 14(1) का इस्तेमाल करते हुए पुलिस ने इन बदमाशों द्वारा खरीदी गई चीजों को कुर्क किया। जिसमें एक मारुति सुजुकी डिजायर कार, ई-रिक्शा शामिल है। पुलिस ने कुल 6,26,062 रुपये की चल संपत्ति को कुर्क किया है।
अपराधियों को लखनऊ पुलिस की सीधी चेतावनी
डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल और उनकी टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि पुलिस अब सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। लखनऊ पुलिस का संदेश स्पष्ट है अगर अपराध से संपत्ति बनाई, तो उसे कुर्क कर लिया जाएगा। भविष्य में भी गैंग लीडरों और संगठित अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Also Read: खाकी का मानवीय चेहरा: निगोहां में युवक को आत्महत्या से बचाया, प्यार में नाकामी से था परेशान

