Lucknow News: ऐशबाग रोड पर गांजा तस्कर गिरफ्तार, एक किलो से ज्यादा माल बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की बाजारखाला टीम ने नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक शातिर तस्कर को धर दबोचा है। पकड़े गए युवक के पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा और नकदी बरामद हुई है। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि यह माल कहां से लाया गया था और शहर में किन-किन लोगों को सप्लाई किया जाना था।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल
बाजारखाला पुलिस टीम मंगलवार की रात क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी ‘मुखबिर खास’ से एक पुख्ता जानकारी मिली। सूचना थी कि ऐशबाग रोड स्थित मनोरंजन केंद्र के पास एक युवक नशीले पदार्थ की बड़ी खेप के साथ मौजूद है। बिना वक्त गंवाए पुलिस टीम ने घेराबंदी की और रात करीब 10 बजे संदिग्ध युवक को दबोच लिया।
1 किलो से ज्यादा गांजा बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस को अभियुक्त के पास से कुल 1170 ग्राम (एक किलो 170 ग्राम) अवैध गांजा मिला। जामातलाशी में 500 रुपये की नकदी भी बरामद हुई। पुलिस ने अभियुक्त मुसर्रफ हुसैन (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना बाजारखाला में धारा 8/20 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पकड़ा गया आरोपी मुसर्रफ हुसैन, जो गुलजार नगर (बाजारखाला) का ही रहने वाला है, कोई नया अपराधी नहीं है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उस पर साल 2021 में भी थाना बाजारखाला में एक्सीडेंट और लापरवाही से मौत (धारा 279/304A IPC) का एक केस दर्ज हो चुका है।
Also Read: मेटा का अलर्ट और एक्शन में UP पुलिस, मौत के फंदे पर झूलने ही वाली थी छात्रा, ऐसे बचाई जान

