Lucknow News: गोसाईगंज पुलिस को बड़ी सफलता, गो-तस्करी का मास्टरमाइंड बिहार से गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के गोवंशीय पशुओं को तस्करी के जरिए बिहार और फिर पश्चिम बंगाल तक पहुंचाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य सदस्य इलियास नट उर्फ बादाम को लखनऊ पुलिस ने औरंगाबाद (बिहार) से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी गोसाईगंज थाना पुलिस और दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में की गई। यह आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ कई संगीन मामले दर्ज थे।
क्या है पूरा मामला?
5 मई 2025 को गोसाईगंज थाना क्षेत्र के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पुलिस ने एक 12 टायरा ट्रक पकड़ा था जिसमें 20 गोवंशीय पशु ठूंसकर भर रखे गए थे। ट्रक के साथ चल रही एक सफेद स्विफ्ट डिजायर कार भी संदिग्ध पाई गई, जिसमें आरोपी ट्रक खराब होने पर फरार हो गए थे।
इस घटना के बाद मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस जांच में जुट गई। 17 मई की रात, जब मुखबिर से सूचना मिली, तो पुलिस ने जेल रोड स्थित बेली अंडरपास पर घेराबंदी कर दी। इस दौरान हुई मुठभेड़ में तस्कर शोएब उर्फ गैंडा पुलिस की गोली से घायल हो गया, जबकि दो अन्य आरोपी फैजान और जाबिर को मौके पर गिरफ्तार किया गया।
बड़े नेटवर्क का हुआ खुलासा
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह संगठित तरीके से यूपी के मेरठ, मुजफ्फरनगर, हरदोई और रामपुर जैसे जिलों से गोवंश खरीदकर उन्हें बिहार लाता था। वहां इलियास नट उर्फ बादाम जैसे खरीदार उन्हें मंडियों से खरीदकर पश्चिम बंगाल भेजते थे, जहां ये पशु वध के लिए बेचे जाते थे।
इलियास की गिरफ्तारी के बाद सामने आया कि उसके नाम पर तीन ट्रक रजिस्टर्ड हैं, जिनका इस्तेमाल गो-तस्करी में किया जाता रहा है। वह पशुओं को कम कीमत पर खरीदकर बंगाल में ऊंचे दामों पर बेच देता था। इसी अवैध कारोबार से उसकी मोटी कमाई होती थी।
इलियास पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
गिरफ्तार आरोपी इलियास नट उर्फ बादाम (उम्र 27 वर्ष) के खिलाफ पहले से गो-तस्करी, पशु क्रूरता, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में भदोही जिले के गोपीगंज व औराई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। थाना औराई पुलिस ने उसे पहले से घोषित अपराधी घोषित कर रखा था और उसके खिलाफ धारा 82 की कार्रवाई भी की जा चुकी थी।
पहले हो चुकी थी यह बरामदगी
5 मई को हुई कार्रवाई में पुलिस ने 1 ट्रक (अलग-अलग नंबर प्लेट्स के साथ) और 20 जीवित गोवंशीय पशु बरामद किए थे।
Also Read: Lucknow News: बंद घरों से चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब, CCTV फुटेज से पकड़े गए शातिर चोर

